पंजाब के सभी विभागों के मुलाजिम मनाएंगे काली दिवाली
समूह डीसी दफ्तरों व अन्य कर्मचारियों की ओर से मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष का एलान कर दिया है।
जासं, मानसा : मंगलवार को मानसा में सांझा मुलाजिम मंच पंजाब और यूटी के तहत आते समूह डीसी दफ्तरों व अन्य कर्मचारियों की ओर से अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ संघर्ष का एलान कर दिया है। इस मौके पर मानसा में डीसी दफ्तर यूनियन के प्रधान जसवंत सिंह ने बताया कि पंजाब के समूह विभागों के मुलाजिम इस बार काली दीवाली मनाने को मजबूर हो रहे है। उन्होंने बताया कि अपनी मांगे मनवाने के लिए 24 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में सरकार के खिलाफ रोष रैलियां निकाली जाएगी।
इस रोष रैलियों में डीसी दफ्तर मानसा, उप मंडल मेजिस्ट्रेट दफ्तर मानसा /बुढलाडा /सरदूलगढ़, तहसील दफ्तर मानसा /बुढलाडा /सरदूलगढ़ और जिले की सब तहसीलों के समूह कर्मी हिस्सा लेंगे।
इस अवसर पर सांझा संघर्ष समिति पंजाब और यूटी जिला मानसा के कन्वीनर जसदीप सिंह चहल, केवल सिंह प्रधान मल्टीपर्पस हेल्थ इंप्लाइज यूनियन मानसा, जसवंत सिंह लहरा प्रधान डीसी दफ्तर यूनियन मानसा, प्रताप सिंह सीनियर सहायक, संदीप सिंह क्लर्क दफ्तर सिविल सर्जन मानसा, प्रवाजपाल सिंह क्लर्क इकसाइज विभाग मानसा, रामलाल ड्रेनज विभाग, गुरदर्शन सिंह सुपरिटेंडेंट वाटर सप्लाई विभाग मानसा और हरदेव सिंह क्लर्क खजाना दफ्तर मानसा और लाल सिंह महा सचिव मानसा मौजूद थे।
ये है मांगें
पंजाब सरकार की ओर से डीए की पांच किस्तों का बकाया न देना, छठे पे कमिशन की रिपोर्ट लागू करने की बजाय पंजाब सरकार द्वारा अगले सालों पर लेकर जाना, पुरानी पेंशन स्कीम बहाल न करना, तारीक 31 जुलाई 19 तक नई पेंशन स्कीम के कर्मचारियों की ग्रेच्यूटी संबंधित लिए गए फैसले/ मानी हुई मांगपत्र अब तक जारी न करना, कच्चे कर्मियों को पक्का न करना, मेडीकल भत्ता एक हजार रुपए प्रति माह करना, शिक्षा भत्ता लागू करना व अन्य कई मांगे है।