विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

परविंदर झोटा हत्याकांड: चौथे दिन भी नहीं हुआ शव का पोस्टमार्टम, CBI जांच पर अड़े स्वजन; दो FIR दर्ज

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:03 PM (IST)

मानसा में ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर झोटा की हत्या के चौथे दिन भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ, परिजन सीबीआई जांच ...और पढ़ें

परविंदर झोटा के परिवार से मिलते लोग। फोटो जागरण

परविंदर झोटा के परिवार से मिलते लोग। फोटो जागरण

HighLights

  1. परविंदर झोटा का शव चौथे दिन भी पोस्टमार्टम नहीं हुआ।

  2. परिजन सीबीआई जांच की मांग पर अड़े, धरना जारी।

  3. हिंसा व भड़काऊ भाषण पर अज्ञात के खिलाफ दो FIR दर्ज।

संवाद सहयोगी, मानसा। ड्रग एक्टिविस्ट परविंदर सिंह झोटा की हत्या के चौथे दिन शुक्रवार को भी शव का पोस्टमार्टम नहीं हुआ और तिकोनी चौक पर स्वजन व समर्थकों का धरना जारी रहा। प्रशासन तथा संघर्ष कमेटी के बीच हुई दो दौर की बैठक बेनतीजा रही। अब संघर्ष कमेटी ने 19 अक्टूबर को आप विधायकों के घर के बाहर प्रदर्शन का एलान किया है। स्वजन भी सीबीआइ जांच की मांग पूरी न होने तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार न करने पर अड़े हैं।

उधर, घटना के बाद शहर की एक कालोनी में हिंसा, दुकानदार से मारपीट कर उसका सामान जलाने और भड़काऊ भाषण देने के आरोप में अज्ञात लोगों के खिलाफ दो एफआइआर दर्ज की गई है। डीआइजी हरजीत सिंह ने कहा कि हिंसा करने वालों की पहचान कर उन्हें जेल भेजा जाएगा।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अदालत में पेशी

हत्याकांड के मुख्य आरोपित केमिस्ट अश्विनी कुमार की पत्नी नीलम रानी की दोपहर बाद वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिये सीजेएम अदालत में पेशी हुई। अदालत ने उसे 22 अक्टूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। शुक्रवार को श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार कुलदीप सिंह गड़गज, बठिंडा की अकाली सांसद हरसिमरत कौर बादल और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी सचिन पायलट ने परिवार से मिलकर संवेदना जताई।

जत्थेदार गड़गज ने परविंदर झोटा को बलिदानी का दर्जा देते हुए इंसाफ के लिए बनी संघर्ष कमेटी का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि घटना में घायल लोगों का खर्च एसजीपीसी उठाएगी।

हरसिमरत कौर बादल ने झोटा की मां अमरजीत कौर, पत्नी मनप्रीत कौर और दोनों बच्चों अंगदवीर सिंह व फतेहवीर सिंह से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। सवाल भी किया कि लाइसेंस रद होने के बावजूद केमिस्ट को दुकान खोलने की अनुमति किसने दी।

ड्रग ने कितने घर उजाड़े, गिनती नहीं कर सकते

झोटा के परिवार के साथ देर शाम मुलाकात के बाद पंजाब कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट ने कहा कि वह परिवार को न्याय दिलाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेंगे।

पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह के साथ पहुंचे पायलट ने कहा कि पंजाब में नशे ने कितने घर उजाड़ दिए हैं, यह हम गिन नहीं सकते हैं। हम सभी को झोटा की ओर से नशे के खिलाफ शुरू की गई मुहिम को आगे बढ़ाना होगा।