विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पंजाब के मानसा में खौफनाक वारदात, पुलिसकर्मी ने पत्नी सहित दो बेटों को गोली मारने के बाद खुद को भी किया शूट; 2 की मौत

Published: Tue, 20 Oct 2026 08:46 AM (IST)

पंजाब के मानसा में घरेलू विवाद के चलते एक पुलिसकर्मी ने अपनी पत्नी और दो बेटों पर गोली चलाई, जिसके ...और पढ़ें

HighLights

  1. घरेलू कलह के चलते पुलिसकर्मी ने परिवार पर चलाई गोली

  2. पुलिसकर्मी और उसके 10 वर्षीय बेटे की हुई मौत

  3. पत्नी और छोटा बेटा गंभीर रूप से घायल

जागरण संवाददाता, मानसा। पंजाब के मानसा शहर के वार्ड नंबर 5 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार को पंजाब पुलिस के एक कर्मचारी ने गृह क्लेश के कारण अपने परिवार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं और फिर खुद को भी गोली मारकर घायल कर लिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

वहीं, इस खौफनाक वारदात में पुलिसकर्मी के दस वर्षीय बेटे ने भी दम तोड़ दिया, जबकि पत्नी और 6 साल का छोटा बेटा जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहे हैं।

सरकारी पिस्टल से वारदात को दिया अंजाम

जानकारी के अनुसार, मृतक पुलिसकर्मी की पहचान गुरविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो दो दिन की छुट्टी लेकर घर आया हुआ था। घटना के पीछे प्राथमिक कारण घरेलू कलह बताया जा रहा है।

गुरविंदर ने अपने नाम पर इश्यू 9 एमएम सरकारी पिस्टल से पहले 10 वर्षीय बड़े बेटे जोत सिंह को गोली मारी। इसके बाद उसने 6 वर्षीय छोटे बेटे दिलशान पर फायर किया।

बच्चों को बचाने के लिए आगे आई पत्नी हरप्रीत कौर पर भी उसने गोली चला दी। गोली लगने के बावजूद पत्नी जान बचाने के लिए घर से बाहर की ओर भागी। अंत में गुरविंदर ने खुद को गोली मार ली।

पड़ोसियों को सुबह लगी घटना की खबर

घटना का खुलासा सुबह उस समय हुआ जब पड़ोसियों ने लहूलुहान हालत में हरप्रीत कौर को घर के बाहर देखा। इसके बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और सभी घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने गुरविंदर सिंह और उसके बेटे जोत सिंह को मृत घोषित कर दिया।

वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे

गंभीर रूप से घायल पत्नी हरप्रीत कौर और छोटे बेटे दिलशान की नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।