कनाडा के कॉन्सर्ट में दिवंगत मूसेवाला के छोटे भाई ने दोहराया ‘थापी’ वाला अंदाज, बाल अधिकार संगठन ने की जांच की मांग
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई 'छोटे सिद्धू' के कनाडा कॉन्सर्ट में बंदूक जैसे इशारे करने पर विवाद खड़ा ...और पढ़ें
-1792259931734_m.webp)
दिवंगत सिद्धू मूसेवाला और उसका छोटा भाई। फाइल फोटो
HighLights
कनाडा कॉन्सर्ट में छोटे सिद्धू के बंदूक जैसे इशारे।
बाल अधिकार संगठन ने मानसा प्रशासन से शिकायत की।
बच्चे की सुरक्षा और माता-पिता की काउंसलिंग की मांग।
जागरण संवाददाता, मानसा। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के छोटे भाई ‘छोटे सिद्धू’ का कनाडा के टोरंटो में आयोजित एक कॉन्सर्ट के दौरान बंदूक चलाने जैसे इशारे करने का मामला चर्चा में आ गया है। इस मामले में बाल अधिकारों से जुड़े संगठन लॉयर्स फॉर ह्यूमन राइट्स इंटरनेशनल (एलएफएचआरआई) ने पंजाब के मानसा जिला प्रशासन के समक्ष शिकायत देकर जांच और बच्चे की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
संगठन के मुताबिक, करीब ढाई साल के सुखदीप सिंह सिद्धू को सार्वजनिक कार्यक्रमों में बंदूक चलाने जैसे इशारे करने के लिए प्रोत्साहित नहीं किया जाना चाहिए। शिकायत में बच्चे के माता-पिता बलकौर सिंह और चरण कौर की काउंसलिंग कराने की मांग भी की गई है।
9 अक्टूबर को कॉन्सर्ट में पहुंचे थे छोटे सिद्धू
शिकायत के अनुसार, 9 अक्टूबर को कनाडा के टोरंटो स्थित स्कोटियाबैंक एरिना में ‘साइन्ड टू गॉड वर्ल्ड टूर’ के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान छोटे सिद्धू को मंच पर लाया गया था। इस कार्यक्रम में उनके माता-पिता भी मौजूद थे।
मंच पर बच्चे को हाथ से पिस्तौल चलाने जैसा इशारा करते और गोली चलने की आवाज की नकल करते देखा गया। इस दौरान उन्होंने अपने दिवंगत बड़े भाई सिद्धू मूसेवाला के चर्चित ‘थापी’ अंदाज को भी दोहराया।
कार्यक्रम के दौरान दर्शकों ने इस प्रस्तुति पर तालियां बजाईं। इसके बाद इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। संगठन ने एक अन्य वीडियो का भी हवाला दिया है, जिसके बारे में उसका दावा है कि उसमें आसपास मौजूद वयस्क बच्चे को पिस्तौल जैसे इशारे करना सिखाते या इसके लिए प्रेरित करते दिखाई देते हैं।
बच्चे के मानसिक विकास और सुरक्षा को लेकर चिंता
संस्था ने अपनी शिकायत में कहा है कि इतनी कम उम्र के बच्चे को हथियारों और गोली चलाने जैसे हावभाव की नकल करने के लिए प्रोत्साहित करना उसके मानसिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। संगठन ने बच्चे की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
शिकायत में सिद्धू मूसेवाला की मई 2022 में हुई हत्या का भी उल्लेख किया गया है। संगठन का कहना है कि इस पृष्ठभूमि को देखते हुए बच्चे की सुरक्षा और उसके हितों को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए।
माता-पिता की काउंसलिंग और रोक लगाने की मांग
संगठन के महासचिव नवकिरण सिंह की ओर से हस्ताक्षरित शिकायत 17 अक्टूबर को मानसा के जिला मजिस्ट्रेट और जिला बाल संरक्षण इकाई को भेजी गई है।
शिकायत में मांग की गई है कि माता-पिता की काउंसलिंग कराई जाए और अंतरिम निर्देश जारी कर बच्चे को सार्वजनिक कार्यक्रमों या अन्य स्थानों पर बंदूक चलाने जैसे हावभाव करने के लिए सिखाने, प्रोत्साहित करने या इसकी अनुमति देने से रोका जाए।
इसके अलावा, संगठन ने किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 की धारा 36 के तहत मामले पर विचार करने और बच्चे के हित में जांच करने का आग्रह किया है।
परिवार के खिलाफ नहीं, बच्चे के हित में शिकायत: संगठन
संगठन ने स्पष्ट किया है कि उसकी शिकायत सिद्धू मूसेवाला के परिवार या उनकी स्मृति के खिलाफ नहीं है। संगठन का कहना है कि इस कदम का उद्देश्य केवल नाबालिग बच्चे की सुरक्षा, भलाई और उचित विकास सुनिश्चित करना है।
शिकायत में मामले पर जल्द कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रशासन की ओर से इस मामले में किसी औपचारिक आदेश या जांच के निष्कर्ष की पुष्टि नहीं हुई है।
