अमित शाह का पंजाब दौरा LIVE: गुरदासपुर में विक्रमजीत के परिवार से मिले, मानसा में परविंदर झोटा के घर भी जाएंगे
अमित शाह आज पंजाब दौरे पर हैं। अमृतसर एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद वे गुरदासपुर पहुंच हैं। जिसके बाद संगरूर और बाद में मानसा में परविंदर झोटा के परिवार से मिलेंगे। अंत में वे लुधियाना में रावण दहन करेंगे।

गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिवार से मिलते हुए अमित शाह व साथ हैं पंजाब भाजपा प्रधान केवल ढिल्लों।
जागरण संवाददाता, मानसा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज, 20 अक्टूबर को पंजाब दौरे पर हैं। शाह का 20 दिन में यह दूसरा दौरा है। जारी शेड्यूल के अनुरूप अमित शाह आज सुबह अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुए। यहां से वे हेलीकॉप्टर से सीधा गुरदासपुर पहुंचे हैं।नशाखोरी से पीड़ित परिवार से मुलाकात के बाद वह संगरूर जाएंगे और फिर मानसा जाएंगे।
तीन शहरों में तीन परिवारों से मुलाकात के बाद वे लुधियाना पहुंच रहे हैं। जहां वह राज्य के सबसे ऊंचे 121 फीट के रावण का दहन करेंगे। शाह के दौरे को लेकर संबंधित जिलों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। उनके आगमन और निर्धारित कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा के विशेष प्रबंध किए गए हैं। VVIP सुरक्षा के मद्देनजर हेलीपैड और आसपास के दो किलोमीटर क्षेत्र में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

लुधियाना का दरेसी मैदान, जहां गृह मंत्री अमित शाह 121 फीट ऊंचा रावण दहन करेंगे।
अमित शाह के दौरे के बीच पंजाब में हलचल तेज
- अमित शाह का प्लेन अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। जिसके बाद वे हेलीकॉप्टर से गुरदासपुर के लिए रवाना हुए।
- सीएम ने पाोस्ट कर जानकारी दी कि परविंदर झोट की हत्या की जांच को सरकार सीबीआई को देना चाहती है।
- कैबिनेट मिनिस्टर अमन अरोड़ा ने अमित शाह के दौरे से पहले लॉरेंस बिश्नोई के साबरमती जेल में बंद करने को लेकर सवाल पूछा है।
- गृह मंत्री अमित शाह के मानसा दौरे के सुरक्षा कारणों के चलते जिला मजिस्ट्रेट ने 20 अक्टूबर 2026 को शहर को रेड जोन घोषित कर ड्रोन उड़ाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है।
विक्रमजीत सिंह के परिवार से मिलते अमित शाह

अमित शाह गुरदासपुर में विक्रमजीत सिंह के परिवार से मिल रहे हैं। विक्रमजीत सिंह की हत्या 15 अक्टूबर को कर दी गई थी। विक्रमजीत ने अपने इलाके में नशे को बेचने वालों का विरोध किया था। जिसके बाद उसकी गोली मार हत्या कर दी गई थी।
अमित शाह ने विक्रमजीत सिंह के परिवार से की मुलाकात
देश के गृह मंत्री अमित शाह मंगलवार को गांव माड़ी पन्नुआं पहुंचे और नशे की बिक्री रोकने को लेकर हुए विवाद के दौरान हत्या किए गए विक्रमजीत सिंह के परिवार से मुलाकात कर उनके साथ दुख साझा किया। अमित शाह का काफिला दोपहर 12 बजकर 50 मिनट पर गांव माड़ी पन्नुआं पहुंचा।
वहां से वह सीधे काफिले के साथ विक्रमजीत सिंह के घर गए और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। सुरक्षा के मद्देनजर गांव के लगभग तीन किलोमीटर के इलाके को पूरी तरह सील कर दिया गया था।
गुरदासपुर पहुंचा अमित शाह का हेलीकॉप्टर

अमृतसर के श्री गुरु रामदास जी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंड होने के बाद अमित शाह हेलीकॉप्टर से गुरदासपुर पहुंचे। जहां से उनकी कारों का काफिला विक्रमजीत सिंह के घर की तरफ रवाना हुआ, जिसका कत्ल 15 अक्टूबर को किया गया था।
गुरदासपुर में बढ़ाई गई सुरक्षा

गृह मंत्री अमित शाह के गुरदासपुर आने से पहले मृतक विक्रमजीत सिंह के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी की गई है। लगभग 2000 के करीब पुलिस कर्मचारी मुख्य हाइवे से लेकर गांव में विक्रमजीत सिंह के घर तक तैनात किए गए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट ने मानसा शहर को नो ड्रोन जोन घोषित किया
जिला मजिस्ट्रेट ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 की धारा 163 के तहत मिले अधिकारों का प्रयोग करते हुए आज दिनांक 20 अक्टूबर 2026 को मानसा शहर के सभी एरिया को रेड जोन घोषित करते हुए ड्रोन कैमरे उड़ाने पर पूर्ण रूप से पाबंदी लगा दी है।
आदेशों में लिखा गया है कि गृह मंत्री भारत सरकार के आज 20 अक्टूबर 2026 को मानसा दौरे के दौरान पहले हेलीपैड वाली जगह (नई अनाज मंडी मानसा) और परविंदर सिंह झोटा के निवास वाटर वर्क्स रोड, सेंट्रल पार्क के पास से 2 किलोमीटर के दायरे को रेड जोन घोषित कर ड्रोन पर पाबंदी लगाई गई है।
झोटा हत्याकांड की जांच CBI को सौंपेगी सरकार
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के पंजाब दौरे से ठीक पहले मुख्यमंत्री भगवंत मान ने नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा हत्याकांड की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने मंगलवार को इंटरनेट मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर यह जानकारी दी। शाह मंगलवार को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। उनके दौरे से पहले झोटा हत्याकांड की जांच सीबीआई से कराने का मुद्दा राज्य की राजनीति के केंद्र में आ गया है। झोटा के परिवार और प्रदर्शनकारी लगातार इस मामले की केंद्रीय एजेंसी से जांच कराने की मांग कर रहे थे।
पंजाब दौरे में तीन परिवारों से होगी मुलाकात
13 अक्टूबर को हुई थी झोटा की हत्या: मानसा में मेडिकल स्टोर संचालक अश्विनी कुमार ने 13 अक्टूबर को नश का विरोध करने पर झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। परिवार मांगों को लेकर अड़ा हुआ है और अभी तक परविंदर सिंह झोटा के शव का पोस्टमार्टम भी नहीं हुआ।
15 अक्टूबर को गुरदासपुर में चली गोली: परविंदर की हत्या के दो दिन बाद 15 अक्टूबर की रात को गुरदासपुर के अंतर्गत आते श्री हरगोबिंदपुर साहिब क्षेत्र के माड़ी पन्नवां गांव में ड्रग्स बेचने का विरोध करने पर विक्रमजीत सिंह की भी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
8 सितंबर को गुलजार सिंह ने की थी आत्महत्या: अमित शाह संगरूर में गुलजार सिंह के परिवार से मिलेंगे। गुलजार ने 8 सितंबर को कीटनाशक का पीकर आत्महत्या कर ली थी। उसने मरने से पहले कहा था कि उसने मंत्री हरपाल सिंह चीम को गांव में चिट्टा बिकने की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे धमकाया गया।
अमित शाह के पंजाब दैरे का शेड्यूल
दोपहर 12:15 बजे - गुरदासपुर
स्थान: मारी पनवां गांव, श्री हरगोबिंदपुर क्षेत्र
कार्यक्रम: पीड़ित परिवार से मुलाकात।
दोपहर 2:15 बजे - संगरूर
स्थान: हरदम पट्टी, तूर बंजारा गांव
कार्यक्रम: पीड़ित परिवार से मुलाकात।
दोपहर 3:45 बजे - मानसा
स्थान: वार्ड नंबर 21, वाटर वर्क्स रोड
कार्यक्रम: पीड़ित परिवार से मुलाकात।
शाम 4:00 बजे - लुधियाना
कार्यक्रम: मीडिया से बातचीत।
शाम 4:30 बजे - लुधियाना
स्थान: ऐतिहासिक दरेसी मैदान
कार्यक्रम: दशहरा समारोह में शामिल होना।
