अगले सप्ताह शुरू हो जाएंगे Vending Zone, जोनल कमिश्नर के साथ एसीपी पहुंचे विजिट करने
जोनल कमिश्नर नीरज जैन ने बताया कि सभी जोन के वेंडिंग साइट की विजिट की जा रही है। इसकी रिपोर्ट मेयर बलकार सिंह संधू व नगर निगम कमिश्नर केपी बराड़ को दी जाएगी।
लुधियाना, जेएनएन। अतिक्रमण की वजह से बेतरतीब हुए ट्रैफिक से जल्द ही निजात मिलने वाली है। नगर निगम के चारों जोन में अगले सप्ताह से रेहड़ी-फड़ी लगाने के लिए वेंडिंग जोन शुरू हो सकते हैं। इसकी शुरुआत जोन ए से होने जा रही है। इलाके के अंतर्गत आते 12 जोन के लिए शुक्रवार को जोनल कमिश्नर नीरज जैन, एसीपी ट्रैफिक गुरदेव सिंह ने लुधियाना रेहड़ी-फड़ी यूनियन के अध्यक्ष टाइगर सिंह के साथ विजिट की। जोनल कमिश्नर नीरज जैन ने बताया कि सभी जोन के वेंडिंग साइट की विजिट की जा रही है। इसकी रिपोर्ट मेयर बलकार सिंह संधू व नगर निगम कमिश्नर केपी बराड़ को दी जाएगी। इसके बाद यहां पर रेहड़ियां लगनी शुरू हो जाएंगी।
शुक्रवार को जोनल कमिश्नर नीरज जैन, एसीपी ट्रैफिक गुरदेव सिंह, जिला रेहड़ी फड़ी यूनियन अध्यक्ष टाइगर सिंह व अन्य पदाधिकारी जोन ए के अंतर्गत आते छावनी मोहल्ला, गांधीनगर, मछली मार्केट, नगेश होजरी के सामने, जालंधर बाइपास ग्रीनलैंड स्कूल व गुरुद्वारा श्री दुखनिवारण साहिब के सामने पुल के नीचे बनने वाले वेंडिंग जोन की विजिट के लिए पहुंचे। जैन के अनुसार अगले सप्ताह से यहां अस्थाई तौर पर वेडिंग जोन शुरू करवा दिए जाएंगे ताकि रेहड़ी फड़ी वाले यहां से अपना रोजगार चला सकें और ट्रैफिक को अतिक्रमण से मुक्ति मिले।
शनिवार की मीटिंग में रिपोर्ट सबमिट की जाएगी: जोनल कमिश्नर
नीरज जैन ने बताया कि जोन ए के वेंडिंग जोन की विजिट की गई है। इसकी रिपोर्ट शनिवार को मेयर बलकार सिंह संधू व नगर निगम कमिश्नर केपी बराड़ को सौंपी जाएगी। बाकी जोन बाबत विजिट वहीं तय करेंगे। हमारा प्रयास है कि अगले सप्ताह अस्थाई तौर पर वेडिंग जोन शुरू करवा दिए जाएं।