विधायक बैंस के गढ़ में शक्ति प्रदर्शन करेगा यूथ अकाली दल, 11 मार्च को होगी रैली
लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने विरोधी दल के नेताओं के गढ़ में घुस कर प्रहार करना शुरू कर दिया है।
जेएनएन, लुधियाना। लोकसभा चुनाव को लेकर सभी राजनीतिक पार्टियों के नेताओं ने विरोधी दल के नेताओं के गढ़ में घुस कर प्रहार करना शुरू कर दिया है। जिला यूथ अकाली दल नवनियुक्त प्रधान मीतपाल सिंह दुगरी और गुरदीप सिंह गोशा ने पहला शक्ति प्रदर्शन करने के लिए विधायक सिमरजीत सिंह बैंस का गढ़ चुना है। 11 मार्च को होने वाली इस रैली में मुख्य मेहमान बिक्रम सिंह मजीठिया होंगे, जो विधायक बैंस के हलके विधानसभा आत्म नगर इलाके के दाना मंडी में आकर दहाड़ेंगे और शब्दों से आक्रमण करेंगे। रैली के लिए यूथ अकाली दल के नेताओं ने युवाओं को संदेश भेजने शुरू कर दिए हैं और जिला प्रधान मौके पर जाकर रैली मैदान का जायजा भी ले रहे हैं। विधायक बैंस ने भी इसी मैदान से विधानसभा चुनाव को लेकर आम आदमी पार्टी के साथ मिलकर शक्ति प्रदर्शन किया था और शिअद पर जमकर प्रहार किया था। यूथ अकाली दल की रैली में मजीठिया लोकसभा चुनाव को लेकर बिगुल भी बजाएंगे।
यूथ अकाली दल का चुनाव को लेकर बिग शो
राजीव गांधी की प्रतिमा पर कालिख पोतने वाले मीतपाल सिंह दुगरी और गुरदीप सिंह गोशा को शिअद ने जिला यूथ अकाली दल का प्रधान नियुक्त किया था। उसके बाद से ही दोनों ही नेता काफी चर्चा में आ गए। जिला शहरी यूथ अकाली दल के प्रधान बनने के बाद से अभी तक कोई भी प्रोग्राम नहीं किया गया था। उसके बाद लुधियाना देहाती का प्रधान प्रभजोत सिंह धालीवाल को नियुक्त किया गया। तीनों ही नेता मिलकर दाना मंडी के मैदान में बिग शो करेंगे।
लिप के साथ आप और कांग्रेस पर भी साधेंगे निशाना
यूथ अकाली दल की रैली में बिक्रम सिंह मजीठिया जहां लोक इंसाफ पार्टी (लिप) के संयोजक विधायक सिमरजीत सिंह बैंस पर निशाना साधेंगे, वहीं आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा जाएगा। रैली में आम आदमी पार्टी में बढ़ी बगावत और कांग्रेस के कार्यकाल को लेकर मजीठिया तीर चलाएंगे। वह अकाली टकसालियों और सांसद रवनीत सिंह बिट्टू को भी अपने निशाने पर ले सकते हैं।
मजीठिया के निशाने पर बैंस की दोनों सीटें
पूर्व कैबिनेट मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया के निशाने पर विधायक सिमरजीत सिंह बैंस और विधायक बलविंदर सिंह बैंस की दोनों सीटें हैं, क्योंकि करीब दस साल पहले मजीठिया ने ही विधायक बैंस को यूथ अकाली दल का प्रधान बनाया था और उसके बाद बैंस विधायक बन गए। पर शिअद से खटास होने पर विधायक बैंस ने मजीठिया पर जमकर प्रहार किया। अब एक बार फिर मजीठिया ने यूथ अकाली दल के दो युवा प्रधानों को विधायक बैंस के इलाकों में तैनात कर दिया है, ताकि दोनों सीटों पर भी आने वाले दिनों में कब्जा जमाया जा सके।