ईयर एंडर 2021: लुधियाना की अधिकारी ने नटवरलालों के छुड़ाए छक्के, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने किया सम्मानित
Year Ender 2021ः बोगस बिलिंग का भंडाफोड़ करने के लिए लुधियाना से नोएडा तक काम करने वाली लुधियाना कमिश्नरेट की टीम में तान्या अकेली महिला अफसर थीं। तान्या कहती हैं चार साल के करियर में यह मेरे लिए अनोखा अनुभव था।
लुधियाना, [मुनीश शर्मा]। Year Ender 2021 केन्द्रीय वस्तु एवं सेवा कर (सीजीएसटी) के लुधियाना कमिश्नरेट में तैनात डिप्टी कमिश्नर तान्या बैंस ने जीएसटी धोखाधड़ी मामलों में देश में सर्वाधिक गिरफ्तारियां करने वाली राजस्व अधिकारी बनी। फर्जी फर्मे बनाकर सरकार को चूना लगाने वाले 18 कारोबारियों को गिरफ्तार कर तान्या ने नटवरलालों के छक्के छुड़ा दिए। केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने उन्हें एक जुलाई को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। तान्या बैंस यह गौरव पाने वाली चंडीगढ़ जोन की पहली अफसर है। 2016 बैच की इस अधिकारी ने 1599.91 करोड़ के फर्जी बिलिंग के छह केस पकड़े और सौ से ज्यादा फर्जी कंपनियों को निरस्त किया। 192 करोड़ की राजस्व चोरी बचाई। इसमें से 33 करोड़ रुपये सरकारी खजाने में जमा कराया जा चुका है।
यह भी पढ़ें-ईयर एंडर 2021: लुधियाना के हलवारा इंटरनेशनल एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग का काम शुरू, फ्लाइट का इंतजार
लुधियाना से नोएडा तक किया काम
बोगस बिलिंग का भंडाफोड़ करने के लिए लुधियाना से नोएडा तक काम करने वाली लुधियाना कमिश्नरेट की टीम में तान्या अकेली महिला अफसर थीं। रात दो बजे नोएडा में रेड करने के संबंध में तान्या कहती हैं, 'चार साल के करियर में यह मेरे लिए अनोखा अनुभव था। मन में कुछ शंकाएं भी थीं, लेकिन टीम के अफसरों ने लगातार प्रोत्साहित किया। हमारी टीम तड़के तीन बजे दिल्ली पहुंची। टीम को स्पष्ट निर्देश दिए कि तत्काल क्रैक डाउन करना है। इससे हमें कामयाबी मिली।'
यह भी पढ़ें-लुधियाना ब्लास्ट के मास्टरमाइंड मुल्तानी को जर्मनी पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ा, पन्नू ने जारी किया वीडियाे
दस हजार से ज्यादा पेज की रिपोर्ट तैयार
तान्या ने बताया कि इस बड़े केस (नोएडा रेड) में उन्होंने बिजनेस इंटेलीजेंस एंड फ्राड एनालिटिकल (बीआइएफए) और नेटवर्क एक्सप्लोरेशन टूल फार रेवेन्यू आगुमेंटेशन (नेट्रा) टूल्स के जरिए डाटा इकट्ठा किया और ई वे बिल पोर्टल पर गहन काम किया। अब तक इस मामले की जांच के दस हजार से ज्यादा पेज की रिपोर्ट तैयार है। युवा आइआरएस अफसर मानती हैं कि काम जोखिम भरा है। घंटों काम करना पड़ता है। खुद को तनाव रहित रखने के लिए योग व ध्यान करती हैं।