Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लुधियाना में लिफ्ट देने के बहाने लूटने वाली महिला गैंग सक्रिय, बुजुर्गों को बना रही निशाना

    By Rohit KumarEdited By:
    Updated: Fri, 12 Mar 2021 03:26 PM (IST)

    लुधियाना में कार में लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्गों को लूटने वाली महिला गैंग सक्रिय है। इस गैंग ने दो दिन में दो वारदातों को अंजाम दिया है। इसी कड़ी में दुगरी इलाके में उक्त गैंग की महिलाएं वृद्ध महिला की सोने की चार चूड़ियां छीनकर फरार हो गई।

    Hero Image
    लुधियाना में कार में लिफ्ट देने के बहाने बुजुर्गों को लूटने वाली महिला गैंग सक्रिय है।

    लुधियाना, जेएनएन। दुगरी इलाके में वृद्ध महिला को कार में लिफ्ट देकर महिला गैंग की तीन सदस्य सोने की चार चूड़ियां लूट कर फरार हो गई। कार सवार महिला गैंग की दो दिनों में लूट की यह दूसरी वारदात है। अब थाना दुगरी पुलिस ने तीन महिला व उनके ड्राइवर के खिलाफ केस दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। एएसआइ सुरेंद्र सिंह ने बताया कि उक्त केस दुगरी फेस वन निवासी 67 वर्षीय गीता रानी की शिकायत पर दर्ज किया गया। गीता रानी ने बताया कि शिवरात्रि के दिन वह दुर्गा माता मंदिर दुगरी में माथा टेकने के बाद बाहर निकली।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इस दौरान वहां एक सफेद रंग की स्विफ्ट कार खड़ी हुई थी। इसमें तीन महिलाएं व एक व्यक्ति सवार थे। महिलाओं ने कहा कि शिवरात्रि के मद्देनजर वह वृद्ध लोगों की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आप कार में बैठ जाएं, वह उन्हें उनके घर छोड़ देंगी। पीछे बैठी दोनों महिलाओं ने गीता रानी को अपने बीच में बैठा लिया। चलती हुई कार में दोनों महिलाओं ने उनके हाथ में पहनी 8 तोला वजनी सोने की चार चूड़ियां उतार ली। करीब आधा किलोमीटर आगे दुगरी फेस 2 ड्रम वाले चौक में उसे उतारकर फरार हो गई। उनके जाने के बाद गीता रानी ने मामले की शिकायत पुलिस को दी।

    गीता रानी के बेटे अनिल कुमार ने बताया कि वह लोहे का कारोबार करते हैं। उनकी मां ने बताया कि कार सवार महिलाओं ने उन पर कुछ कर दिया था। जिसके चलते उन्हें पता ही नहीं चला पाया कि कब उनकी चूड़ियां उतार ली गई। केस दर्ज करने के बाद पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। जहां से पुलिस को उनकी कुछ फुटेज हाथ लगी हैं।

    सुरेंद्र सिंह ने कहा के आरोपित गैंग की कार का नंबर भी पता चल गया है। आरटीए दफ्तर की मदद से उसका एड्रेस निकाला जा रहा है। बता दें कि दो दिन पहले बीआरएस नगर में रहने वाली एक वृद्ध महिला के साथ भी इसी तरह की वारदात हुई थी। कार में बैठी 3 महिलाओं ने उन्हें बातों में उलझा कर उनके हाथ में पहनी ढाई तोले सोने की चूड़ी उतार ली। थाना सराभा नगर पुलिस अभी उस मामले को सुलझा भी नही पाई थी कि गैंग ने दूसरी वारदात करके पुलिस को चुनौती दे डाली।

     

    comedy show banner
    comedy show banner