प्रेमनगर में गर्भवती और हैबोवाल इलाके में युवक ने की खुदकुशी
महानगर में अलग-अलग इलाकों में एक महिला और एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी।
जासं, लुधियाना : महानगर में अलग-अलग इलाकों में एक महिला और एक युवक ने फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने दोनों मामलों में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल में भेज दिया है।
पहली घटना ढंडारी कलां के प्रेमनगर इलाके में हुई। महिला ने पंखे के साथ फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। थाना फोकल प्वाइंट पुलिस ने उसके पति के बयान दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
मृतक महिला की पहचान प्रेम नगर निवासी प्रतिमा देवी (20) के रूप में हुई। जांच अधिकारी रंधीर सिंह ने बताया कि प्रतिमा की कुछ समय पहले शादी हुई थी। वह तीन महीने की गर्भवती थी। पति सुदामा ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले प्रतिमा काम करते समय गिर गई थी। उसके सिर पर चोट आई और वह उस दिन से परेशान चल रही थी। उसने मंगलवार की दोपहर कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे लटक कर खुदकुशी कर ली। सुदामा ने बताया कि जब वह दोपहर को खाना खाने घर लौटा तो घटना का पता लगा। काम नहीं मिलने पर था परेशान, दुखी हो दे दी जान
दूसरी घटना हैबोवाल के पवित्र नगर में हुई। मृतक की पहचान पवित्र नगर निवासी रविदर कुमार (32) के रूप में हुई। थाना हैबोवाल के एएसआइ शाम सिंह ने बताया कि वह अविवाहित था और मजदूरी करता था। कुछ दिनों से काम नहीं मिलने से वह परेशान था। उसके पिता सोम दत्त की इलाके में डिस्पोजल बर्तनों की दुकान है। सोमवार की शाम उसका पिता दुकान पर था। उसका भाई किसी काम से बाहर गया हुआ था। घर में रविदर और उसकी मां ही थी। उसी दौरान शाम 4 बजे उसने अपने घर पर पंखे से चुन्नी के सहारे लटक कर खुदकुशी कर ली। इसका पता तब लगा जब मृतक का पिता सोमनाथ कमरे में दाखिल हुआ। उसे फौरन फंदे से उतार कर डीएमसी अस्पताल ले जाया गया। मगर वहां उसे देखते ही डाक्टरों ने मृतक करार दे दिया। पुलिस ने धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।