पत्नी ने पकड़ी पति की टांगें, किरायेदार आशिक करता रहा सिर पर वार
छत पर सो रहे पति मुकेश कुमार की हत्या पत्नी संगीता देवी ने अपने आशिक किरायेदार श्याम जी पासवान के साथ मिलकर की थी।
जेएनएन, लुधियाना। स्वतंत्रता दिवस की रात ढंडारी में छत पर सो रहे मुकेश कुमार (42) की हत्या पत्नी संगीता देवी (35) ने किरायेदार श्याम जी पासवान (28) के साथ मिलकर की थी। सोते समय मुकेश की पत्नी संगीता ने उसके पैर पकड़े और पासवान ने सिर पर हथौड़ा मार मौत के घाट उतार दिया था। संगीता व पासवान में पिछले छह साल से प्रेम संबंध थे और मुकेश इनके रास्ते में रोड़ा बन रहा था। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
एडीसीपी जोन 4 राजवीर सिंह ने बताया कि मुकेश का शव सुबह छत पर खून से लथपथ मिला था। भाई राकेश कुमार ने पुलिस को बताया था कि उसकी भाभी के किरायेदार श्याम जी पासवान से अवैध संबंध हैं। पुलिस ने पासवान से पूछताछ भी की थी, पर बाद में छोड़ दिया था। दोनों शहर से भागने का प्रयास कर रहे थे। थाना फोकल प्वाइंट प्रभारी इंसपेक्टर अमनदीप सिंह बराड़ ने ढंडारी रेलवे स्टेशन से इन्हें काबू कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल हथौड़ा भी बरामद कर लिया है।
छह साल से अवैध संबंध
श्याम जी और संगीता में पिछले छह साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। पासवान छत पर बने कमरे में परिवार के साथ सात साल पहले रहने आया था। दोनों एक फैक्ट्री में काम करते थे और यहीं से नजदीकियां बढ़ने लगी। कुछ समय पहले मुकेश ने दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया था और तभी से वह इसका विरोध कर रहा था।
पानी में फेंक दिया था हथौड़ा
मुकेश की हत्या के बाद पासवान ने हथौड़ा पास ही बने तलाब में फेंक दिया था। हत्या के बाद पत्नी ने विलाप नहीं किया, जिस कारण पुलिस को उस पर पहले दिन से शक हो गया था। डॉग स्क्वायड भी ज्यादा दूर पांव के निशान नहीं सूंघ पाया और पड़ोसियों ने किसी को आते-जाते भी नहीं देखा था, जिस कारण पुलिस की पहले दिन से थ्योरी इस एंगल पर घूम रही थी। पुलिस इन पर निगाह बनाए हुए थी। गत दिवस दोनों जैसे ही भागने का प्रयास करने लगे तो पुलिस ने इन्हें काबू कर लिया और पूछताछ में सब कुछ उगल दिया।
दो माह से कर रहे थे हत्या का प्रयास
दो माह से मुकेश किरायेदार पासवान पर कमरा खाली करने का दबाव बना रहा था और संगीता से अक्सर झगड़ा करता था। इसे लेकर दोनों ने उसकी हत्या की योजना बनाई। दोनों ने ही दो हथौड़े खरीदे थे, मगर वह मुकेश को मार नहीं पा रहे थे। संगीता और मुकेश के पांच बच्चे हैं और वह अक्सर घर पर रहते थे। संगीता ने 15 अगस्त की रात को जानबूझकर मुकेश से झगड़ा किया था और उसे छत पर जाकर सोने को मजबूर कर दिया और रात दो बजे उसकी हत्या कर दी।