प्रेमी के साथ भागी पत्नी तो पति ने लगाया फंदा, मौत
चंद्र नगर की महिला प्रेमी के साथ फरार हो गई। बेवफाई से आहत उसके पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : चंद्र नगर की महिला प्रेमी के साथ फरार हो गई। बेवफाई से आहत उसके पति ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वीरवार दोपहर उसका शव कमरे में चुन्नी के सहारे झूलता मिला। थाना हैबोवाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पड़ताल शुरू कर दी व पोस्टमार्टम शुक्रवार को होगा। एसएचओ जसकंवल सिंह ने बताया कि मृतक चंद्र नगर की गली छह का सुमित कुमार (37) है। वो प्राइवेट नौकरी करता था। अब तक की छानबीन में पता चला है कि 2014 में उसकी शादी हुई थी। उसकी ढाई साल की बेटी है। उसके भाई अंकुश ने बताया कि शादी के बाद से ही वो किराए पर मकान लेकर रह रहा था। उसकी पत्नी का किसी ओर से प्रेम संबंध चल रहे था। करीब डेढ़ महीने पहले वो बेटी को लेकर प्रेमी के साथ कहीं चली गई। इसके कारण सुमित बहुत परेशान रहने लगा। बुधवार वो भाई के घर गया था जहां उसने कहा कि पत्नी ने जिदगी तबाह कर दी है। इसके बाद घर लौटकर उसने कब फंदा लगाया, किसी को नहीं पता।
धमकियों से दुखी होकर युवक ने नहर में कूदकर जान दी
रोज मिल रही धमकियों से तंग आकर युवक ने नहर में कूद कर आत्महत्या कर ली। मंगलवार उसका शव दाखा नहर से बरामद किया गया। थाना टिब्बा पुलिस ने आरोपित के खिलाफ आत्महत्या को उकसाने के आरोप में केस दर्ज करके उसकी तलाश शुरू कर दी है। एसएचओ दलजीत सिंह ने बताया कि आरोपित की पहचान मोती नगर एचआइजी फ्लैट्स निवासी बलजीत सिह के रूप में हुई। टिब्बा रोड के न्यू शास्त्री नगर निवासी सुभाष चंद्र ने पुलिस को बताया कि उसका 29 वर्षीय बेटा नितिन सोनी इंटीरियर का काम करता था। पांच सितंबर सुबह 11 बजे उसने बताया कि उसे फिल्लौर में टाइलें लगाने का काम मिला है, वहां काम करने जा रहा है। उसी शाम चार बजे नितिन ने फोन करके उसकी बलजीत सिह के साथ बात कराई, जिसमें बलजीत ने कहा कि नितिन का उसकी पत्नी के साथ अफेयर है और उसने नितिन के खिलाफ थाना मोती नगर में शिकायत भी दी है। कुछ देर बाद ही नितिन का फोन स्विच ऑफ हो गया। इसके बाद चार दिन तक नितिन वापस नहीं आया। थाना टिब्बा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज करवाई गई। आठ सितंबर को थाना दाखा पुलिस ने फोन करके बताया कि नितिन का मोटरसाइकिल दाखा नहर के पास बरामद हुआ है।