युवक ने नौकरी छोड़ने की बात कही तो महिलाओं ने जहरीला इंजेक्शन लगा कर दी हत्या, लुधियाना की घटना
लुधियाना में नौकरी छोड़ने की बात कहने पर युवक को महिला ने बेटे और सहेली के साथ मिलकर उसे जहरीला इंजेक्शन लगाकर मार दिया। एएसआइ मीत राम का कहना है कि प्रकाश सिंह के पिता लखवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है।
लुधियाना, जेएनएन। लुधियाना में फाइनांस कलेक्शन का काम करने वाले 26 वर्षीय युवक प्रकाश सिंह ने जब नौकरी छोड़ने की बात कही तो महिला ने बेटे और सहेली के साथ मिलकर उसे जहरीला इंजेक्शन लगाकर मार दिया। युवक साहनेवाल के न्यू सतगुरु नगर का रहने वाला था। जहरीला इंजेक्शन लगाने की सूचना मिलने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। थाना डाबा की पुलिस ने हत्या के आरोप में आजाद नगर की गली नंबर नौ में रहने वाली 40 वर्षीय रीटा, उसके 20 वर्षीय बेटे अजय कुमार और जस्सियां रोड की फ्रेंड्स कालोनी में रहने वाली 40 वर्षीय पूनम के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। रीटा और पूनम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है जबकि अजय फरार है।
जांच अधिकारी एएसआइ मीत राम का कहना है कि प्रकाश सिंह के पिता लखवीर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने तीन आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि रीटा रानी फाइनांस का काम करती है। तीन साल से प्रकाश उसके पास पेमेंट कलेक्शन का काम करता था और उसके घर में ही रहता था। 24 फरवरी को प्रकाश का छोटा भाई राजदीप सिंह उससे मिलने के लिए रीटा के घर गया। उस समय रीटा, पूनम और अजय उसके साथ झगड़ा कर रहे थे। भाई से मिलने के बाद राजदीप वापस आ गया। देर शाम उन्हें सूचना मिली कि प्रकाश की तबीयत बहुत खराब हो गई है। उन्होंने उसे अस्पताल में भर्ती करवाया लेकिन वहां उसकी मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय उसने अपने छोटे भाई को बताया कि आरोपितों ने उसे जहरीला इंजेक्शन लगाया है।
दो से तीन घंटे घर पर तड़पता रहा
पिता ने कहा कि लोगों ने उन्हें बताया कि इंजेक्शन लगाने के बाद उनका बेटा दो से तीन घंटे आरोपितों के घर पर तड़पता रहा। वह उसे अस्पताल नहीं लेकर गए न परिवार को फोन किया।
जिस्मफरोशी भी करती थीं आरोपित रीटा व पूनम
जांच अधिकारी मीत राम ने बताया कि आरोपित रीटा रानी फाइनांस के साथ देह व्यापार का धंधा भी करती थी। पूनम उसके पास इसी काम के लिए आती थी। प्रकाश और पूनम के बीच संबंध भी थे। अब वह उसका काम छोडऩा चाहता था लेकिन दोनों महिलाएं उसे छोडऩा नहीं चाहती थीं। इसी बात पर बुधवार उनका झगड़ा हुआ और बाद में उन्होंने उसे इंजेक्शन लगा दिया।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें