सीवरेज और पानी की समस्या दूर नहीं हुई तो गुस्साए लोगों ने सड़क पर लेटकर किया प्रदर्शन
समस्या दूर न हाेने से गुस्साए लोगों ने अकाली पार्षद जसमीत कौर और उनके पति बलविंदर सिंह शैंकी के नेतृत्व में ताजपुर रोड पर लेटकर प्रदर्शन किया
जेएनएन, लुधियाना। वार्ड नंबर 17 में पिछले कई महीनों से पीने के पानी में सीवरेज का पानी मिक्स हो रहा है। इस वजह से लोग बीमार हो रहे हैं। अकाली पार्षद जसमीत कौर और इलाके के लोग नगर निगम दफ्तर के कई बार चक्कर लगा चुके हैं। यही नहीं इलाकावासी विधायक के पास भी जा चुके हैं। पर उनकी समस्या का हल नहीं निकला। इसी रोष में अकाली पार्षद जसमीत कौर और उनके पति बलविंदर सिंह शैंकी के नेतृत्व में लोगों ने ताजपुर रोड पर लेटकर प्रदर्शन किया। उसके बाद आनन-फानन में नगर निगम के कुछ अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बुधवार को इस समस्या का समाधान निकालने का भरोसा दिया। उसके बाद इलाके के लोगों ने धरना खत्म किया। पार्षद पति बलविंदर सिंह शैंकी ने बताया कि उनके वार्ड में पिछले कई महीनों से पीने के पानी के साथ सीवरेज का गंदा पानी मिक्स हो रहा है। कई बार वह खुद भी निगम अधिकारियों को शिकायत दे चुके हैं। पर अफसर उनकी शिकायत को का समाधान नहीं कर रहे।
उन्होंने बताया कि इलाके के लोग भी अपनी तरफ से शिकायत दर्ज करवा चुके हैं। पर निगम अफसरों की कान में जूं तक नहीं सरक रही। यही नहीं लोग हलका विधायक संजय तलवाड़ को भी अपनी समस्या से अवगत करा चुके हैं। उसके बाद भी निगम अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। इसी वजह से उन्हें अब प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने बताया कि निगम अफसरों ने बुधवार तक का समय दिया है और तब तक ठीक नहीं किया गया तो फिर से लोगों के साथ धरना लगाया जाएगा।