पूर्व सीएम व शिअद प्रधान को वीडियो कांफ्रेंसिंग से बताई लोगों की परेशानी
पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) से शिअद विधायकों और सीनियर नेताओं से बातचीत की।
लुधियाना, जेएनएन। पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिरोमणि अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल ने वीडियो कांफ्रेंसिंग (वीसी) से शिअद विधायकों और सीनियर नेताओं से बातचीत की। इस दौरान शिअद नेताओं ने सरकार की नाकामी के बारे में पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल को जानकारी दी। वहीं जब प्रकाश सिंह बादल ने जरूरतमंद लोगों को मिलने वाले सरकारी राशन के बारे में पूछा तो नेताओं ने बताया कि सभी गरीब लोगों तक राहत सामग्री अभी भी पहुंच नहीं पाई। इसे लेकर कुछ जगहों पर प्रदर्शन भी हुआ।
इसके बाद उन्होंने कहा, आने वाले दिन में किसानों के लिए प्रदेश सरकार को अहम कदम उठाने पड़ेंगे। अगर किसानों को सरकारी सहूलियत नहीं मिली तो गंभीर समस्या खड़ी हो जाएगी। जनसमस्याओं के बारे में बताया वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान शिअद नेताओं ने शहर में लोगों की समस्याओं के बारे में बताया। उन्होंने कहा, सभी लोगों को भोजन नहीं मिल रहा है। अस्पतालों में अभी भी कोरोना से लड़ने को लेकर पूरे प्रबंध नहीं हैं और कोरोना के मरीज लगातार इसकी शिकायत प्रशासन और अस्पताल प्रबंधन से कर रहे हैं। कोरोना के कुछ मरीजों के परिजनों ने इलाज सही ढंग से न होने के आरोप भी लगाए हैं।
शिअद की तरफ से बांटा जा रहा लंगर
शिअद विधायकों और सीनियर नेताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और शिअद प्रधान सुखबीर सिंह बादल को सेवाओं के बारे में भी बताया। उन्होंने दावा किया कि शिअद नेता और कार्यकर्ता रोजाना लाखों जरूरतमंद लोगों को लंगर बांट रहे हैं। इसके अलावा लोगों को मास्क, सैनिटाइजर व अन्य जरूरी सामान भी वितरित किया जा रहा है।