वेटरनरी यूनिवर्सिटी के दो अटेंडेंट कोरोना पॉजिटिव के संपर्क में आएं, सर्जरी एंड रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट बंद
डिपार्टमेंट के सभी कर्मचारी व डाक्टर एकांतवास पर चले गए है। एकांतवास पर गए कर्मचारियों व डाक्टराें के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
लुधियाना, जेएनएन। गुरू अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंस यूनिवर्सिटी (गडवासू) में काम करने वाले दो अटेंडेंटस (सहायकों) के कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने के बाद सर्जरी एंड रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट को बंद कर दिया गया है।
जानकारी के मुताबिक दोनों अटेंडेंटस की एक रिश्तेदार कोरोना पॉजिटिव आई है। दोनों पॉजिटिव रिश्तेदार के संपर्क में थे। इसके साथ ही दोनों कर्मचारी डिपार्टमेंट के डाक्टरों व अन्य कर्मचारियों के सपंर्क में भी थे। जिसके बाद डिपार्टमेंट के सभी कर्मचारी व डाक्टर एकांतवास पर चले गए है। एकांतवास पर गए कर्मचारियों व डाक्टराें के सैंपल जांच के लिए भेजे जाएंगे।
कॉलेज ऑफ वेटरनरी साइंस के डीन डा. प्रकाश बराड़ ने इसकी पुष्टि की। उन्हाेंने कहा कि दोनों अटेंडेंट पॉजिटिव रिश्तेदार के संपर्क में आएं है। ऐसे में यूनिवर्सिटी में कोरोना वायरस का संक्रमण न फैले, इसे देखते हुए सर्जरी व रेडियोलॉजी डिपार्टमेंट को कुछ दिनों के लिए बंद रखा जाएगा और डिपार्टमेंट में दी जने वाली एक्सरे, अल्ट्रा साउंड व छोटे व बड़े जानवरों के ऑपरेशन की सेवाएं फिलहाल रोक दी गई है।
लुधियाना में कोरोना हुआ बेकाबू
जिले में कोरोना संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। अगस्त में तो ऐसा लगने लगा है, जैसे संक्रमण बेकाबू हो चुका है। रोजाना 200 से 300 लोग संक्रमित पाए जा रहे हैं। सेहत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि अब भी अगर शहर के लोग नहीं संभले तो हालात और बिगड़ेंगे और स्थिति बदतर हो सकती है। सोमवार को जिले में 308 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। इसमें 280 लोग जिले व 28 अन्य शहरों के हैं। अब कोरोना संक्रमित मरीजों का आंकड़ा 5312 तक पहुंच गया है जबकि दूसरे जिलों के 615 लोग यहां पॉजिटिव आ चुके हैं।