मां-बाप डांटते थे.. यूपी से भाग लुधियाना पहुंच गई चार लड़कियां, पुलिस ने सकुशल लौटाया
उत्तर प्रदेश की रहने वाले चार लड़कियां अपने माता-पिता की डांट से इतना सहम गई कि वह घर से भाग निकली और पंजाब के लुधियाना जा पहुंची। यहां सभी किराए के कमरे में रह रही थीं। इस दौरान पुलिस ने हरकत में आते हुए सभी को सकुशल घर लौटा दिया।
लुधियाना, जेएनएन। मां-बाप की डांट डपट के डर से उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले से भागी एक युवती व तीन किशोरियां लुधियाना पहुंच गईं। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद हरकत में आई सीआईए-2 पुलिस ने चारों को सकुशल बरामद करके उन्हें यूपी पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस की टीम बुधवार शाम उन्हें लेकर वापस रवाना हो गई।
इंस्पेक्टर परवीन कुमार ने बताया कि 30 दिसंबर को प्रतापगढ़ के थाना रानीगंज पुलिस के पास एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई। जिसमें उसने बताया कि उसके साथ रह रही उसकी 15 साल की नातिन तथा प्रतापगंज में रहने वाली उसकी 17 वर्षीय सहेली 29 दिसंबर से लापता हैं। उसे पता चला है कि दूसरे गांव की रहने वाली 16 साल की युवती तथा उसकी 20 वर्षीय बहन ने उन्हें अगवा कर लिया है। जिस पर थाना रानीगंज पुलिस ने 31 दिसंबर को दोनों के खिलाफ अपहरण के आरोप में केस दर्ज कर लिया। दो दिन पहले रानीगंज पुलिस को पता चला कि चारों लड़कियां इस समय लुधियाना में हैं। जिस पर उन्होंने लुधियाना पुलिस के साथ संपर्क किया।
पुलिस ने अपने सूत्रों तथा टेक्नीकल टीम की मदद से पता लगाया कि चारों इस समय विश्वकर्मा नगर के प्रभात नगर इलाके में रह रहीं हैं। जिस पर मंगलवार शाम एक टीम को वहां भेजा गया। पुलिस ने चारों को वहां से सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ करने पर पता चला कि उनके माता-पिता उन्हें बहुत डांटते थे। जिसके चलते वो लोग अपना घर छोड़ आईं। दो दिन पहले ही वो चारों अपनी मर्जी से लुधियाना पहुंची थी। यहां रहने के लिए उन्होंने किराए का कमरा लिया था। परवीन कुमार ने बताया कि सूचना मिलने पर मंगलवार रात थाना रानीगंज के एसआई धुरेंद्र ठाकुर अपनी टीम के साथ यहां पहुंचे और चारों को अपने साथ ले गए।