लुधियाना में हुई अनोखी शादी, जश्न की महफिल थी बेहद खास
लुधियाना के जगराओं में अनोखी शादी हुई। यहां दो किन्नरों की शादी हुई और फिर इसका शानदार जश्न हुआ। लुधियाना के महंत क्रांति दूल्हा व पातड़ा की महंत लाली दुल्हन बनीं।
जेएनएन, जगराओं (लुधियाना)। यहां एक अनोखी शादी लोगों के अाकर्षण का केंद्र बनी। इस शादी का जश्न भी बेहद अनोखा था। दूसरों के विवाह में या बच्चे के पैदा होने पर बधाई देने वाले दो किन्नरों ने लुधियाना के जगराओं में विवाह कर अपना नया जीवन शुरू किया।
जगराओं के सिधवां बेट के मान पैलेस में चल रहे दस दिवसीय किन्नर सम्मेलन में देश भर से करीब एक हजार किन्नर पहुंचे हुए हैं। इसी सम्मेलन में लुधियाना के महंत क्रांति दूल्हा व पातड़ा की महंत लाली दुल्हन बनीं। इससे पहले सभी किन्नरों ने लोगों की सुख समृद्धि की अरदास की। विवाहित जोड़े को वहां मौजूद अन्य किन्नरों ने शगुन भी दिया। दहेज में मोटरसाइकिल, एक्टिवा व अन्य उपहार भी दिए गए।
जगराओं के सिधवां बेट में लोगों के लिए सुख की कामना कर निभाई रस्म
यह सम्मेलन किन्नरों के लिए किसी विवाह से कम नहीं होता। इसमें देश भर से रंग-बिरंगी पोशाकों व गहनों से सजे किन्नर पहुंचे हुए थे। इस समारोह का मुख्य उद्देश्य यह है कि समूह किन्नर देश भर के बच्चों की खुशी, सुख व तंदुरुस्ती की अरदास करते हैं। इसके अलावा आज के समय में टूट रहे रिश्तों का सिलसिला रोकने के लिए भी प्रार्थना करते हैं।
किन्नर सम्मेलन के मुख्य प्रबंधक माई प्रीतो महंत तिहाड़ा ने बताया कि समारोह का मकसद अपने रीति-रिवाजों को साझा करना और दुनिया की सलामती की दुआ मांगना है। दुनिया में सुख होगा, तभी वे दूसरों से बधाई मांगेंगे। ऑल इंडिया किन्नर समाज की ओर से किन्नर सम्मेलन में गीत, संगीत व बोलियां पेश कर खूब मनोरंजन किया गया। देश भर से आए पहुंचे किन्नर 10 दिन तक पैलेस में रहेंगे।