मुक्तसर व फरीदकोट में नशे के सेवन से दो युवकों की मौत, 20 वर्षीय उदयवीर छह बहनों का था इकलौता भाई
पंजाब के मुक्तसर व फरीदकोट में नशे के सेवन से दो युवकों की मौत हो गई। मलोट ब्लाक में एक माह में चिट्टे के सेवन से यह पांचवीं मौत है। वहीं फरीदकोट में भी एक युवक की नशे से मौत हो गई। उसका शव आंबेडकर नगर में मिला।
जागरण टीम, श्री मुक्तसर साहिब/फरीदकोट। मुक्तसर और फरीदकोट में नशे के सेवन से दो युवकों की मौत हो गई। मुक्तसर के चक्क शेरेवाला गांव में रविवार की सुबह 20 वर्षीय युवक उदयवीर सिंह की चिट्टे (हेरोइन) के सेवन से मौत हो गई। गरीब परिवार का उक्त युवक छह बहनों का इकलौता भाई था। पांच बहनों की शादी हो चुकी है। माता-पिता भी बुजुर्ग हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है। लक्खेवाली थाने की पुलिस इस मामले में कार्रवाई कर रही है। मलोट ब्लाक में एक माह में चिट्टे के सेवन से यह पांचवीं मौत है।
गांव खुंडे हलाल के रहने वाले कुलविंदर सिंह ने बताया कि उनका साला उदयवीर सिंह करीब आठ साल से चिट्टे का नशा कर रहा था। उसे बहुत रोका जाता था, लेकिन वह फिर भी नशा करने से नहीं हट रहा था। जब भी उसे रोकने की कोशिश की जाती तो वह कह देता कि वह अपना कमाता है और अपना खाता है। उसके खाते में शनिवार को पांच हजार रुपये आए थे। गांव के दो युवक रविवार की सुबह उसे घर से बुलाकर ले गए। नौ बजे उसका गांव के सरकारी अस्पताल के पास एक पेड़ के नीचे से शव पड़ा मिला। संभवत: उसने शनिवार को मिले पैसों से ही नशा खरीदा था।
नशा करने के बाद वह अपने साथियों समेत इस पेड़ के नीचे आ गया था, जहां उसकी मौत हो गई। घर से बुलाकर ले जाने वाले दोनों युवक उसे मरा छोड़कर फरार हो गए। गांव के अन्य लोग उसे उठाकर घर पर लेकर आए। पंजाब खेत मजदूर यूनियन के नेताओं तरसेम सिंह खुंडे हलाल, काका सिंह खुंडे हलाल आदि ने पीड़ित परिवार की आर्थिक मदद करने की मांग की है।
उधर, फरीदकोट में भी एक युवक की नशे से मौत हो गई। उसका शव आंबेडकर नगर में मिला। युवक की पहचान गांव पक्का के रहने वाले 19 वर्षीय सुरजीत सिंह पुत्र निर्मल सिंह के रूप में हुई। उसके नाना और मामा ने उसकी पहचान की। सुरजीत के पिता की मौत पहले ही हो चुकी है। उसकी मां मलेशिया नौकरी करने गई हुई है। सुरजीत अपने ननिहाल गांव पक्का में रह रहा था। मामा गुरजंट सिंह ने बताया कि उनका भांजा सुरजीत सिंह नशा करने का आदी था। वह शनिवार रात को अपने दोस्तों के साथ गांव से फरीदकोट शहर आया था। जांच अधिकारी एएसआइ स्वर्ण सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर कार्यवाही की जा रही है।