लुधियाना में शादी का झांसा देकर तलाकशुदा महिला से एक साल तक दुष्कर्म, दाे युवकाें ने अश्लील वीडियो बना किया ब्लैकमेल
आराेपिताें ने महिला की अश्लील वीडियो बना ली और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। इसके बाद अब महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया तो दोनों उससे पीछा छुड़ाने पर उतर आए।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के छावनी मोहल्ला निवासी युवक ने तलाकशुदा महिला को शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। उसके बाद उसके फतेहगढ़ मोहल्ला निवासी दोस्त ने नशीली दवा खिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। दोनों ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली और उसे इंटरनेट मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। इसके बाद अब महिला ने एक बच्ची को जन्म दिया, तो दोनों उससे पीछा छुड़ाने पर उतर आए। महिला ने पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में शिकायत देकर आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस कमिश्नर के दफ्तर में शिकायत देकर बार आती महिला। (जागरण)
अपनी शिकायत में महिला ने बताया कि वह अमरपुरा की रहने वाली है। तीन साल पहले युवक उसके संपर्क में आया। शादी का झांसा देकर वह उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। उन्हीं दिनों वो बीमार हाे गई। आरोपित ने उसका पता लेने के लिए अपने दोस्त को उसके पास भेज दिया। उसके दोस्त ने दवा के नाम पर उसे कुछ ऐसा दिया कि वो बेहोश हो गई। जिसके बाद उसने भी उसके साथ दुष्कर्म किया और उसका अश्लील वीडियो बना लिया। वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर वो एक साल तक उसके साथ दुष्कर्म करते रहे। इसी बीच उसने एक लड़की को जन्म दिया, जिसके बाद दोनों आरोपित एक दूसरे पर तोहमते लगाने लगे।
पुलिस ने बिना कोई कार्रवाई किए आराेपिताें काे छोड़ा
पीड़िता का आरोप है कि उसने 112 पर शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद थाना डिवीजन नंबर 2 पुलिस ने दोनों को थाने बुलाया। मगर बिना कोई कार्रवाई किए दोनों को छोड़ दिया। अब दोनों आरोपित आजाद घूम कर उसे जान से मार देने की धमकियां दे रहे हैं। पुलिस न तो कोई कार्रवाई कर रही है और न ही उसकी बेटी का आरोपितों के साथ डीएनए टेस्ट करा रही है। उसने मांग की है कि उसके केस की जांच किसी महिला आइपीएस अधिकारी से कराई जाए। ताकि आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो तथा उसके न्याय मिल सके।