फर्जी राशनकार्ड का फार्म भर हरे 12वीं कक्षा के दो छात्र काबू, धोखाधड़ी का मामला दर्ज
पकड़े गए ये दोनो छात्र डिपो संचालक के पास बैठते थे। डिपो पर लोग राशन कार्ड के फार्म भरवाने के लिए आते थे। यहीं से इन दोनो छत्रों को आइडिया मिला।
लुधियाना, जेएनएन। शहर के शिमलापुरी एरिया में लोगों के राशन कार्ड के फर्जी फार्म भर रहे 12वीं कक्षा के दो छात्रों को काबू कर पुलिस ने 80 फार्म भी बरामद किए हैं। आरोपितों में एक बालिग और दूसरा नाबालिग है। फूड सप्लाई इंस्पेक्टर की शिकायत पर थाना शिमलापुरी पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
मामले के अनुसार गिल कॉलोनी निवासी गुरसेवक सिंह और लोहारा निवासी गुरप्रीत सिंह 12वीं कक्षा के छात्र हैं। वह प्रीत नगर की एक गली में लोगों के नीले कार्ड के फार्म भर रहे थे। यहां पर एक पूर्व पार्षद को इन पर शक हुआ तो उसने वहां पर फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर अजय कुमार को बुला लिया। पूछताछ में पता चला कि यह दोनों पिछले चार दिनों से इसी तरह अलग-अलग एरिया में जाकर फार्म भरते हैं और 50 से 100 रुपए प्रति फार्म लेते हैं। मगर इन फार्मों कहीं भी सबमिट नहीं करवाते हैं।
आरोपितों के पास से 85 भरे हुए और फोटो स्टेट किए हुए फार्म भी मिले हैं। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच के बाद उन दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया। जांच अधिकारी एएसआइ बलकरण सिंह के अनुसार उन्होंने इनकी गिरफ्तारी के लिए उनके परिजनों को नोटिस दिया हुआ है।
डिपो संचालक के पास बैठते थे, वहीं से आया आइडिया
पकड़े गए ये दोनो छात्र डिपो संचालक के पास बैठते थे। डिपो पर लोग राशन कार्ड के फार्म भरवाने के लिए आते थे। यहीं से इन दोनो छत्रों को आइडिया मिला और पैसे कमाने के लिए इन्होंने फार्म की कॉपी करवा पैसे लेकर लोगों के फार्म भरना शुरू कर दिया था। मगर वह इन फार्मों को किसी विभाग में जमा नहीं करवाते थे। जिस कारण उन्हें धोखाधड़ी के आरोप में नामजद किया गया है।
संबंधित विभाग या पार्षद से ही भरवाएं राशन कार्ड के फार्म
फूड सप्लाई विभाग से इंस्पेक्टर अजय कुमार ने कहा कि राशन कार्ड के फार्म संबंधित विभाग या पार्षद से ही भरवाएं। किसी के प्रलोभन में न आएं। उन्होंने कहा कि यह फार्म पहले नगर निगम से वेरीफाई होते हैं और बाद में पटवारी से। इसके बाद कार्ड बनता है। इस लिए कभी भी किसी आम व्यक्ति से फार्म न भरवाएं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें