लुधियाना में नेपाल बार्डर से बस में लाई 13 किलो चरस सहित दाे गिरफ्तार, ग्राहकाें काे करनी थी सप्लाई
शहर में अवैध ताैर पर चरस सप्लाई करने का धंधा बेखाैफ जारी है। नेपाल बार्डर से बस में लाई 13 किलो चरस के साथ पुलिस ने दाे लाेगाें काे काबू किया है। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।
लुधियाना, जेएनएन। थाना पीएयू पुलिस ने दो लोगों को 13.800 किलो चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आराेपिताें काे अदालत में पेश किया गया, जहां से दो दिन का रिमांड हासिल करके पूछताछ की जा रही है। आरोपितों की पहचान मोगा के गांव पंडोरी राइयां निवासी शुक्र सिंह तथा बिहार के जिला मोतीहारी के थाना रकसौल के अंर्तगत आते गांव जुकियारी निवासी जय प्रकाश के रूप में हुई।
पुलिस को शनिवार शाम गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों आरोपित नशा बेचने का काम करते हैं। आज दोनों मोटरसाइकिल पर सवार होकर प्रताप सिंह के दशमेश नगर स्थित धर्म कांटे के पास चरस बेचने के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर वहां दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया। उनके कब्जे से उक्त चरस बरामद की गई।
पूछताछ में दोनों ने बताया वह लोग मंडी में पल्लेदारी का काम करते हैं। जहां शुक्र सिंह चरस का नशा करता था। जय प्रकाश ने उसे बताया कि बिहार में उसका गांव नेपाल के बार्डर पर है। जहां पर चरस सस्ते भाव में बड़ी आसानी से मिल जाती है। वह अगली बार जब गांव जाएगा तो उसके लिए चरस लेता आएगा। आगे बेच कर कमाई भी हो जाएगी। इस बार वह जब गांव से आया तो उक्त चरस वह बस में रखकर लेता आया। वह दोनों अभी उसे बेचने के लिए ग्राहक ही तलाश रहे थे कि पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया।