संदिग्ध परिस्थितियों में दो सगी बहनें लापता
हैबोवाल के चंद्र नगर इलाके में रहने वाली दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में पांच अक्टूबर को लापता हो गई।
जासं, लुधियाना : हैबोवाल के चंद्र नगर इलाके में रहने वाली दो सगी बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। इस संबंध में स्वजनों ने थाना हैबोवाल पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई है।
एएसआइ भजन सिंह ने बताया कि उक्त केस चंद्र नगर निवासी शैलेंद्र साहनी की शिकायत पर दर्ज किया गया। शैलेंद्र ने बताया कि पांच अक्टूबर की रात को खाना खाने के बाद वो परिवार समेत सो गया। सुबह सो कर उठा तो देखा कि उसकी बेटी पूजा तथा खुशबू घर में नहीं थी। उनकी हर जगह तलाश की गई। उसे आशंका है कि किसी ने अपने निजी स्वार्थ के लिए दोनों को अगवा करके बंधक बना रखा है।
अलग-अलग जगहों से दो वाहन चोरी
लुधियाना : शहर के दो विभिन्न इलाकों में खड़ी कारें चोरी हो गईं। संबंधित थानों की पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
थाना सलेम टाबरी पुलिस को दी शिकायत में अशोक नगर निवासी हरमेश लाल ने बताया कि तीन अक्टूबर की रात उसके घर के बाहर खड़ी उसकी कार चोरी हो गई। इसी तरह थाना सराभा नगर पुलिस ने बीआरएस नगर निवासी लवजीत सिंह शिकायत दर्ज करवाई कि छह अक्टूबर की रात उसके घर के बाहर खड़ी उसकी उसकी मारुति कार चोरी हो गई। नशीले पदार्थो सहित तीन गिरफ्तार
लुधियाना : संबंधित थानों की पुलिस ने विभिन्न जगहों पर कार्रवाई करते हुए चूरापोस्त, हेरोइन व शराब सहित तीन लोगों को काबू कर केस दर्ज किया है।
पुलिस की सीआइए-2 टीम ने फिरोजपुर रोड के गांव झांडे कट पर की गई नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार को सात किलो चूरापोस्त के साथ गिरफ्तार कर थाना सराभा नगर में केस दर्ज किया है। एएसआइ रणधीर सिंह ने बताया कि आरोपित मोगा जिले के गांव मीनिया निवासी अवतार सिंह लुधियाना में चूरापोस्त की डिलीवरी देने जा रहा था कि उसे काबू कर लिया गया।
इसी तरह थाना डिवीजन 6 पुलिस ने एक व्यक्ति को दो ग्राम हेरोइन और सिल्वर पेपर के साथ गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है। आरोपित की पहचान लुधियाना के यासपुरा सूआ रोड स्थित हरगोबिद नगर की गली नंबर 14 निवासी सोनू सिंह के रूप में हुई। थाना टिब्बा पुलिस ने पुनीत नगर निवासी रिकू कुमार को 16 बोतल शराब के साथ गिरफ्तार कर केस दर्ज किया है।