नगर निगम की टीम को देख रेहड़ा छोड़ भागा युवक, दो क्विंटल पॉलीथिन जब्त Ludhiana News
निगम कर्मियों ने जब रेहड़े को अपने कब्जे में लिया तो उसमें करीब दो क्विंटल पॉलीथिन बरामद हुआ। निगम कर्मियों ने रेहड़े को कब्जे में लिया और पॉलीथिन कैरी बैग सेहत ब्रांच को सौंपा है।
लुधियाना, जेएनएन। केंद्र और राज्य सरकार और नगर निगम पॉलीथिन कैरीबैग पर प्रतिबंध लगा चुके हैं, लेकिन दुकानदार व लोग अभी भी पॉलीथिन का मोह नहीं छोड़ पा रहे। सब्जी मंडियों में धड़ल्ले से पॉलीथिन का इस्तेमाल हो रहा है। दुकानदारों व आम लोगों को पॉलीथिन के इस्तेमाल से रोकने में निगम पूरी तरह से नाकाम है। शनिवार को सब्जी मंडी के पास एक रेहड़े वाला निगम कर्मियों को देखकर रेहड़ा छोड़कर भाग गया।
निगम कर्मियों ने जब रेहड़े को अपने कब्जे में लिया तो उसमें करीब दो क्विंटल पॉलीथिन बरामद हुआ। नगर निगम कर्मियों ने रेहड़े को कब्जे में लिया और पॉलीथिन कैरी बैग सेहत ब्रांच को सौंप दिया। नगर निगम सेहत ब्रांच के नोडल अफसर अश्वनी सहोता ने बताया कि नगर निगम के कर्मचारी सुबह सब्जी मंडी के पास स्थित दफ्तर में जा रहे थे। उन्हें एक रेहड़ा दिखा। जब वह रेहड़े वाले को रोकने लगे तो निगम कर्मियों को देखकर रेहड़ा छोड़ के भाग गया।
उन्होंने बताया कि जब रेहड़े की जांच की तो उसमें दो क्विंटल पॉलीथिन बरामद हुआ। यह मंडी में ले जाया जा रहा था। रेहड़े वाला मौके से भाग गया और अब उसके बारे में पता किया जा रहा है। दो क्विंटल पॉलीथिन को कब्जे में ले लिया और अब उसे नष्ट किया जाएगा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें