पेशी भुगतने आए दो कैदी फरार; एक ने पुलिसकर्मी की आंखों में डाली मिट्टी, दूसरे ने दिया धक्का
पेशी भुगतने आए दो विचाराधीन कैदी पुलिस को धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने फरार आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरू कर दी है।
जेएनएन, लुधियाना। अदालत परिसर में पेशी भुगतने आए दो विचाराधीन कैदी पुलिस को धक्का देकर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में फरार हुए आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरू कर दी है। इस दौरान ड्यूटी पर कोताही बरतने पर पेश करने आए मुलाजिमों पर भी कार्रवाई की गई।
थाना डेहलों पुलिस ने गांव भंगूरा निवासी सुखराज सिंह को नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था। जिसके बाद पुलिस ने उसका रिमांड हासिल करने के लिए अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपित सुखराज सिंह को एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। जैसे ही पूछताछ के लिए पुलिस सुखराज सिंह को वापस पुलिस थाने लेकर जा रही थी तो जनता नगर के नजदीक सुखराज सिंह ने हवलदार मलकीत सिंह से कहा कि उसकी तबीयत खराब हो गई है और उल्टियां आ रही हैैं।
मलकीत सिंह ने आरोपित सुखराज सिंह को उल्टियां करने के लिए गाड़ी से उतार दिया। सुखराज सिंह ने गाड़ी से उतरते ही नीचे से मिट्टी उठाई और मिट्टी मलकीत सिंह की आखों में डाल दी। मिट्टी डालने के बाद आरोपित सुखराज सिंह मौके से फरार हो गया। मलकीत सिंह ने शोर मचाते हुए उसका पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपित काफी दूर निकल चुका था। थाना डिवीजन नंबर छह पुलिस ने हवलदार मलकीत सिंह की शिकायत पर आरोपित सुखराज सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरू कर दी है।
उधर, युवती को अगवा करने के मामले में जेल में बंद आरोपित हरजिंदर सिंह को शुक्रवार को पुलिस अदालत में पेशी पर लेकर आई। पेशी भुगतने के बाद पुलिस आरोपित हरजिंदर सिंह को वापस लेकर जा रही थी। इसी दौरान अदालत परिसर में ही आरोपित हरजिंदर सिंह ने पुलिस मुलाजिमों को धक्का मारा और उसके बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस मुलाजिमों ने हरजिंदर सिंह का पीछा किया, लेकिन वह फरार होने में कामयाब हो गया। थाना डिवीजन नंबर पांच पुलिस ने हरजिंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश करनी शुरु कर दी है।