हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे दो गिरफ्तार, तीन साल से कर रहे थे नशे का कारोबार
एसटीएफ लुधियाना रेंज ने जालंधर पुलिस के भगौड़े आरोपितों को 400 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ थाना नंबर सात में केस दर्ज किया गया है।
जेएनएन, लुधियाना। एसटीएफ लुधियाना रेंज ने जालंधर पुलिस के भगौड़े आरोपितों को 400 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। उनके खिलाफ थाना नंबर सात में केस दर्ज कर अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर हरबंस सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान जालंधर के थाना नंगल शामा स्थित गुरु गोबिंद सिंह एवेन्यू निवासी विनय ढींगरा तथा जालंधर के पठानकोट रोड पर स्थित सराभा नगर निवासी कुलविंदर सिंह उर्फ लक्की के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि सब इंस्पेक्टर गुरचरण सिंह ने टीम के साथ गुप्त सूचना के आधार पर वर्धमान चौक के पास की नाकाबंदी के दौरान दोनों को काबू किया। वे ताजपुर की तरफ हेरोइन की सप्लाई देने जा रहे थे।
पूछताछ में विनय ढींगरा ने बताया कि पहले वो प्रॉपर्टी डीलर का काम करता था। कुलविंदर सिंह वजन तोलने वाले इलेक्ट्रॉनिक कांटे की रिपेयरिंग का काम करता था। अब तीन साल से वो दोनों हेरोइन पीने लगे और फिर उसका खर्च पूरा करने के लिए उसे बेचने भी लगे। एक पंकज नाम का व्यक्ति उन्हें हेरोइन सप्लाई करके जाता था जिसे वो अपने ग्राहकों को महंगे दाम पर बेच देते थे।
दोनों पर पांच केस, इशर नगर में किराए पर रह रहे थे
पुलिस के अनुसार, विनय ढींगरा और कुलविंदर उर्फ लक्की के खिलाफ जालंधर के थानों में धोखाधड़ी और नशीले पदार्थों की तस्करी के आरोप में पांच मामले दर्ज हैं। कई मामलों में जमानत मिलने के बाद दोनों फरार हो गए। इनमें अदालत ने उन्हें भगोड़ा करार दे दिया। पिछले कई महीने से दोनों इशर नगर में किराए के मकान में रह रहे हैं। दोनों से की जा रही पूछताछ में कई अहम खुलासे होने की संभावना है।