चार सड़क हादसों में दो की मौत, दो घायल
महानगर में विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों पर चार केस दर्ज किए हैं।
जागरण संवाददाता, लुधियाना : महानगर में विभिन्न जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। जबकि दो लोग घायल हो गए। संबंधित थानों की पुलिस ने आरोपित वाहन चालकों पर चार केस दर्ज किए हैं।
साहनेवाल इलाके में किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से कार सवार युवक की मौत हो गई। थाना साहनेवाल पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज किया है। एएसआइ गुरदीप सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान संगरूर के गांव खेतला निवासी जसविदर सिंह (30) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पिता तेजा सिंह की शिकायत पर केस दर्ज किया। उसने बताया कि 16 सितंबर को बेटा अपने दोस्त के साथ उसकी कार में जालंधर से संगरूर लौट रहा था। जिमींदारा ढाबे के सामने पुल पर किसी वाहन द्वारा टक्कर मारने पर वो चलती कार में से बाहर आ गिरा, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
ग्यासपुरा के डाबा कट इलाके में ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार घायल हो गया। इलाज के दौरान अस्पताल में उसकी मौत हो गई। अब थाना छह की पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज कर लिया है। हवलदार मनदीप सिंह ने कहा कि मृतक की पहचान न्यू शिमलापुरी के बसंत नगर निवासी सुरिदर कुमार (48) के रूप में हुई। पुलिस ने उसके भाई विरेंद्र मिश्रा की शिकायत पर केस दर्ज किया। उसने बताया कि 17 सितंबर को वो अपने भाई सुरिदर के साथ साइकिल पर ग्यासपुरा से शेर पुर की और जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आए ट्रक ने उसके भाई को कुचल दिया। सिविल अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
सीएमसी अस्पताल के बाहर कार की चपेट में आने से मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। उसे सीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया। एएसआइ इंद्र सिंह ने बताया कि घायल की पहचान ईसा नगरी की साधु सुंदर सिंह कालोनी की गली नंबर छह निवासी बिनहर मसीह के रूप में हुई। थाना दो की पुलिस ने उसकी पत्नी सुनीता की शिकायत पर ब्राउन रोड निवासी इरविद सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया। उसने बताया कि 14 सितंबर को पति अपने मोटरसाइकिल पर सीएमसी अस्पताल में ड्यूटी पर जा रहे थे। उसी दौरान आरोपित ने अपनी कार से उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।
दुगरी इलाके में कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार घायल हो गया। एएसआइ राजिदर सिंह ने बताया कि घायल की पहचान पासी नगर की गली नंबर 22 निवासी कुलदीप सिंह के रूप में हुई। उसने बताया कि 14 सितंबर को वो दोस्त कमलजीत सिंह के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहा था। जैसे ही वो लोग दुगरी फेस- दो इलाके में पहुंचे तो गौरव शर्मा निवासी दुगरी फेस-2 ने उनके मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।