Birthday Party में बिन बुलाए मेहमानों ने मचाया हुड़दंग, हवा में चलाई गोलियां
जस्सियां कॉलोनी में बच्चे के जन्मदिन की पार्टी में पहुंचे बिन बुलाए मेहमानों ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया।
जेएनएन, लुधियाना। जस्सियां कॉलोनी में बच्चे के जन्मदिन की पार्टी में पहुंचे बिन बुलाए मेहमानों ने नशे की हालत में जमकर उत्पात मचाया। आरोपितों ने पार्टी में हवा में ही गोली चला दी। पंचायत सदस्य ने जब उन्हें रोकना चाहा तो आरोपितों ने उसकी तरफ फायर कर दिया। हालांकि वो बाल-बाल बच गया। बर्थडे पार्टी में मौजूद लोग जब उन्हें पकड़ने लगे तो वे फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया। मौके पर पहुंची थाना हैबोवाल पुलिस ने घटनास्थल पर जायजा लेने के बाद दोनों बदमाशों पर केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है। एएसआइ भजन सिंह ने बताया कि आरोपितों की पहचान जस्सियां कॉलोनी निवासी लखविंदर सिंह तथा बलजीत सिंह उर्फ जस्सी के रूप में हुई।
पुलिस ने गांव जस्सियां के संत विहार निवासी हरजीत सिंह के बयान पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया। पुलिस को उसने बताया कि वह कांग्रेस पार्टी से गांव का सरपंच है। 20 जनवरी की रात जस्सियां कॉलोनी में संदीप सिंह के बेटे का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसमें वो भी गया था। रात साढ़े दस बजे मोटरसाइकिल पर आए दो बदमाशों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपित लखविंदर ने पिस्तौल निकाल कर हवा में फायर कर दिया।
पंचायत सदस्य राजवीर सिंह और उसके रिश्तेदार उन्हें समझाने लगे तो आरोपित ने राजवीर को जान से मारने की नीयत से सीधा फायर कर दिया। गोली राजवीर के ऊपर से निकल गई। जब सभी लोगों ने उन्हें रोकना चाहा तो आरोपित जस्सी ने दात निकाल लिया और फिर धमकियां देते हुए फरार हो गए। आरोपित जस्सी के खिलाफ लूट, हत्या प्रयास के पांच केस एएसआइ भजन सिंह ने बताया कि आरोपित जस्सी के खिलाफ पहले भी लूट-खसूट और इरादा कत्ल के पांच केस दर्ज हैं। उसने पहले भी प्रीतम नगर में एक व्यक्ति की जांघ में गोली मार दी थी। दोनों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।