कांग्रेसियों की शह पर श्रमिकों को लूट रहा ट्रांसपोर्ट माफिया: जीवन गुप्ता
उत्तर प्रदेश व बिहार से आए श्रमिकों का वापस अपने घरों की तरफ जाने का सिलसिला जारी है। कोरोना के कारण रेल यातायात पूरी क्षमता के साथ नहीं चल रहा है इसलिए श्रमिक बसों से अपने घर जाने को मजबूर हैं।
जासं, लुधियाना : उत्तर प्रदेश व बिहार से आए श्रमिकों का वापस अपने घरों की तरफ जाने का सिलसिला जारी है। कोरोना के कारण रेल यातायात पूरी क्षमता के साथ नहीं चल रहा है, इसलिए श्रमिक बसों से अपने घर जाने को मजबूर हैं। श्रमिकों की मजबूरी को देखते हुए प्राइवेट बस आपरेटरों ने उनसे मोटी रकम वसूलनी शुरू कर दी है। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब सरकार श्रमिकों को रोकने में असफल है और जो श्रमिक अपने घरों को जा रहे हैं ट्रांसपोर्ट माफिया ने उन्हें लूटना शुरू कर दिया। यह सब कांग्रेस नेताओं व सरकार की शह पर हो रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने जब से मिनी लाकडाउन लगाया है तब से रोजाना 70 से ज्यादा बाहरी राज्यों के नंबरों की बसें बस स्टैंड के बाहर से सवारियां भरकर ले जा रहे हैं। गुप्ता ने कहा कि इन बसों में श्रमिकों से 2500 से 3000 रुपये प्रति सवारी वसूले जा रहे हैं। यह सब प्रशासन व सरकार की नाक तले हो रहा है। जीवन गुप्ता ने पंजाब सरकार तथा परिवहन मंत्री से मांग की है कि यह एक बहुत बड़ा रैकेट है, जिसका भंडाफोड़ किया जाना चाहिए।