आर्थिक परेशानी में व्यापारी ने लगाया फंदा
व्यापार में नुकसान होने के बाद रुपयों के लेन-देन से परेशान व्यापारी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान थरीके के नजदीक बसंत सिटी निवासी 49 वर्षीय पवन कुमार गोयल के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, लुधियाना :
व्यापार में नुकसान होने के बाद रुपयों के लेन-देन से परेशान व्यापारी ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान थरीके के नजदीक बसंत सिटी निवासी 49 वर्षीय पवन कुमार गोयल के रूप में हुई है। इस घटना का शुक्रवार सुबह पता चलते ही मृतक के परिजनों ने थाना सदर की पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतक के शव के नजदीक से सुसाइड नोट बरामद कर शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है।
थाना सदर के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि पवन कुमार गोयल का रेडीमेड गारमेंट की ट्रेडिग का कारोबार था। उसे पिछले कुछ समय से व्यापार में आर्थिक नुक्सान हो गया। इसके बाद कुछ लोगों के साथ उसका रुपयों का लेन-देन बढ़ने से वह मानसिक तौर पर परेशान रहने लगा। वीरवार देर रात पवन अपने किराए के घर में आया और अपने कमरे में सोने के लिए चला गया। शुक्रवार सुबह जब पवन के बेटे ने कमरे का दरवाजा खोला तब उसका शव फंदे के साथ लटकता हुआ मिला। पुलिस द्वारा बरामद किए गए सुसाइड नोट में मृतक ने लगभग एक दर्जन से अधिक व्यक्तियों पर रुपयों के लेन-देन को लेकर परेशान करने के आरोप लगाए हैं। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया गया है। फिलहाल मृतक के परिजनों के बयानों के आधार पर सुसाइड नोट के आधार पर जांच उपरान्त मामला दर्ज करने की प्रक्रिया की जा रही है।