Khanna: धागा मिल की मिनी बस को पीछे से टक्कर मारकर ट्रक लेकर फरार हुआ ड्राइवर,15 लोग अस्पताल में भर्ती
खन्ना में एक मिनी बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत फरार हो गया। टक्कर के बाद बस बेकाबू हो गई। चालक ने बड़ी मुश्किल से उसे काबू में किया। हादसे में 15 महिलाएंं घायल हुई हैं।
खन्ना, जागरण संवाददाता। खन्ना के नेशनल हाइवे पर फ्लाईओवर के ऊपर एक मिनी बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। मिनी बस में एक धागा मिल की 25 महिला वर्कर शामिल थी। टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ट्रक समेत फरार हो गया। हादसे में 15 महिलाएं घायल हुई हैं। उन्हें खन्ना सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया है। गनीमत रही कि ट्रक की टक्कर के बाद मिनी बस फ्लाईओवर से नीचे नहीं गिरी। इससे हादसा और भी बड़ा हो सकता था। एक घायल युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, वर्कर्स की मिनी बीस रोजमर्रा की तरह खन्ना इलाके से वर्कर्स को पायल स्थित धागा फैक्ट्री में लेकर जा रही थी। गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब के सामने बस फ्लाईओवर पर पहुंची तो पीछे से एक तेज रफ्तार टूक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस बेकाबू हो गई। चालक ने बड़ी मुश्किल से उसे काबू में किया। राहगीरों की मदद से घायलों को सिविल अस्पताल तक पहुंचाया गया।
मौके पर मौजूद भीमा सिंह ने बताया कि बस लौंगोवाल धागा मिल की है। बस में ज्यादातर महिलाएं ही फरार थी। उन्हें चोटें आई हैं। बस में सवार अनीता ने बताया कि बस में पीछे से एक जबरदस्त धक्का लगा। इसमें उन्हें चोटें आई। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की मदद से टक्कर मारने वाले ट्रक की पहचान में जुट गई है।