सो रहे परिवार पर गिरी कमरे की छत, बच्ची गंभीर
समराला चौक नजदीक गुरु अर्जुन देव में खस्ता हाल कमरे की छत सो रहे परिवार पर गिर गई।
जासं, लुधियाना : समराला चौक के पास गुरु अर्जुन देव नगर में एक खस्ता हाल कमरे की छत सो रहे परिवार पर गिर गई। इसमें सात महीने की बच्ची सहित तीन लोग घायल हो गए। बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। छत गिरते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और मलबे से तीनों को बाहर निकाल कर अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जहां सात माह की बच्ची की गंभीर हालत को देखते हुए उसे सीएमसी रेफर कर दिया गया। जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों की पहचान शिव कुमार, उसकी पत्नी शोभा और बेटी कीर्ति के रूप में हुई है। मौके पर पहुंची थाना डिविजन सात की पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिव कुमार के अनुसार वह फेरी लगाकर कबाड़ खरीदता और बेचता है। उसने सात माह पहले ही यह कमरा किराये पर लिया था, जिसकी छत पहले ही खराब थी। उसने मकान मालिक को छत सही करवाने के लिए भी कहा था, लेकिन उसने कोई सुनवाई नहीं की। बुधवार को शिव कुमार, उसकी पत्नी और बच्ची सो रहे थे कि अचानक छत गिर गई। जिससे तीनों घायल हो गए। शिव कुमार ने आरोप लगाया कि मकान मालिक आया था, लेकिन कोई मदद करने की बजाए उसने सिर्फ यही कहा कि वह छत अभी सहीं नहीं करवा सकता और उसे जल्द से जल्द कमरा खाली कर दे। शिव कुमार ने कहा कि लॉकडाउन की वजह से उसका काम भी नहीं चल रहा है। बड़ी मुश्किल से गुजर हो रहा है। ऐसे में उसे समझ नहीं आ रहा है कि वह क्या करे।