यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 03, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
धनतेरस पर लौटी रौनक, सराफा बाजार हुआ गुलजार
कोरोना के बाद पहली बार बाजारों में धनतेरस पर रौनक रही। धनतेरस के दिन खरीदारी का शुभ समय शाम हो ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, लुधियाना : कोरोना के बाद पहली बार बाजारों में धनतेरस पर रौनक रही। धनतेरस के दिन खरीदारी का शुभ समय शाम हो होने के कारण चार बजे के बाद बाजारों में खूब भीड़ रही। लोगों ने दीपावली के लिए भी खूब खरीदारी की। सराफा बाजार से लेकर बर्तन की दुकानों और इलेक्ट्रानिक्स के शोरूम में दिनभर चहल पहल रही। उत्सवी माहौल में पुलिस ने भी सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए हैं। शहर के अलग-अलग हिस्सों में पुलिस बल तैनात हैं।
सोना व चांदी की खरीद के लिए मालवा क्षेत्र की सबसे बड़े सराफा बाजार में सुबह के समय ज्यादा भीड़ नहीं थी। दोपहर बाद सराफा बाजार में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। लोगों की रौनक से बाजार गुलजार हो गया। इस बार सोने की कीमत स्थिर होने और मांग को देखते हुए लाइट वेट ज्वेलरी ट्रेंड में है। चांदी के उपहारों की भी काफी मांग रही। कई बड़े शोरूम संचालकों ने गहनों के निर्माण की लागत पर पूरी तरह छूट दी है। सराफा बाजार के दुकानदार गोपाल भंडारी ने कहा कि शाम के समय लोग खरीदारी के लिए बाजार में पहुंचे। सुबह के समय कम लोग आ रहे थे। बर्तनों की खरीदारी : दुकानों पर देर रात तक रही भीड़
शहर में बर्तन की दुकानों पर शाम से ही बड़ी संख्या में लोग पहुंचने लगे। साबुन बाजार, चौड़ी सड़क, फील्डगंज, चौड़ा बाजार, घुमार मंडी, पैवेलियन माल के पास बर्तन की दुकानों में देर रात लोग खरीदारी करते देखे गए। आटो मोबाइल : नई कार का क्रेज बरकरार लेकिन कमी का दिखा असर
आटो मोबाइल सेक्टर में इस बार मांग जरूर है लेकिन कारों की कमी के कारण का असर जरूर दिखा है। कई कारों की कमी के कारण इस कार धनतेरस पर नई कार घर लाने की आस लोगों की पूरी नहीं हो पाई। हालांकि इसके बावजूद धनतेरस पर 270 के करीब कारों की डिलीवरी दी गई। इस बार कारों की खरीद पर ज्यादा छूट या गिफ्ट भी नहीं थे जो हर बार देखने को मिलते थे। इलेक्ट्रानिक्स : बड़े आफर लेकिन कम उमड़े ग्राहक
बाजार में इलेक्ट्रानिक्स उत्पादों पर कई तरह के आफर दिए गए हैं। बिना ब्याज ईएमआइ, 25 प्रतिशत कैशबैक तक दिया जा रहा है। व्यापारियों के अनुसार इस बार फेस्टिवल सीजन में भी दुकान पर ग्राहक कम आ रहे हैं। पिछले सालों की तरह इस बार ज्यादा लोग नहीं आ रहे हैं। उनका कहना है कि इस बार आनलाइन खरीदारी का प्रभाव बाजार पर दिख रहा है। हालांकि आनलाइन बाजार के मुकाबले स्थानीय शोरूम संचालकों ने काफी छूट दी है लेकिन आनलाइन में सामान सस्ता मिलने की बात लोगों के मन में उतर गई है। हकीकत में दुकान पर और आनलाइन खरीद में कोई अंतर नहीं है।
