शराबी पति ने पत्नी के सिर पर डंडा मार की हत्या, 12 साल की बेटी से भी की मारपीट Ludhiana News
एक शराबी पति ने पत्नी के सिर पर घोटना (मसाला कूटने वाला लकड़ी का डंडा) मार कर उसकी हत्या कर दी। आरोपित ने अपनी 12 वर्षीय बेटी को मारपीट कर घायल कर दिया।
जेएनएन, लुधियाना। पारिवारिक कलह के चलते शराबी पति ने पत्नी के सिर पर डंडा मार कर उसकी हत्या कर दी। यही नहीं आरोपित ने अपनी 12 वर्षीय बेटी को भी नहीं बख्शा और उसे भी मारपीट कर घायल कर दिया। गंभीर रूप से जख्मी लड़की को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना डेहलों पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपित के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान अमनदीप कौर (35) के रूप में हुई। जबकि उसकी घायल बेटी वरिंदर कौर है। आरोपित डेहलों निवासी इकबाल सिंह है। पुलिस ने मृतका के भाई गांव लोहगढ़ निवासी बलविंदर सिंह की शिकायत पर इकबाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज किया है। मृतका के भाई बलविंदर सिंह ने बताया कि 14 साल पहले उसकी छोटी बहन की शादी आरोपित इकबाल सिंह के साथ हुई थी। वो मजदूरी का काम करता है। बेटी वरिंदर कौर के अलावा उनका एक 13 वर्षीय बेटा गुरवीर सिंह भी है।
शादी के कुछ ही समय बाद आरोपित ने अमनदीप कौर के साथ मारपीट करना शुरू कर दिया था। जिसके चलते पंचायत में कई बार राजीनामा हो चुके हैं। 25 जून को अमनदीप कौर ने उसे बताया कि आरोपित ने उसके साथ झगड़ा किया है। 26 जून को उसके भांजे गुरबीर सिंह ने उसे फोन करके बताया कि रात के समय उसके पिता ने उसकी मां तथा बहन के साथ बुरी तरह से मारपीट की। आरोपित ने उसे मार देने की नीयत से अमनदीप कौर के सिर पर डंडे से वार किए। इलाज के लिए दोनों को लुधियाना के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने आरोपित के खिलाफ हत्या प्रयास के आरोप में केस दर्ज कर लिया। मगर शुक्रवार सुबह अमनदीप कौर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके चलते पुलिस ने मामले में हत्या की धारा जोड़ आरोपित की तलाश शुरू कर दी। आरोपित घर से फरार बताया जा रहा है।