अवैध कॉलोनियां काटने वाले कॉलोनाइजरों के आगे ग्लाडा अफसर बेबस, चाैथी बार बढ़ी डेडलाइन Ludhiana News
हाल ही में ग्लाडा के पास करीब डेढ़ दर्जन कॉलोनियों की सूचना मिली है। जिससे साफ है कि ग्लाडा अफसर अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजरों के सामने बौने हो चुके हैं।
लुधियाना, जेएनएन। पंजाब सरकार ने मार्च 2018 तक काटी गई अवैध कॉलोनियों को रेगुलर करने का मौका दिया है। कॉलोनाइजरों को अवैध कॉलोनियां रेगुलर करवाने के लिए चौथी बार डेडलाइन बदल कर 31 जनवरी 2020 कर दी गई। ग्लाडा अफसर लगातार कॉलोनाइजरों को चेतावनी दे रहे हैं कि वह अवैध कॉलोनियों को रेगुलर करवा दें। वहीं दूसरी तरफ अवैध कॉलोनियों का काटा जाना लगातार जारी है।
हाल ही में ग्लाडा के पास करीब डेढ़ दर्जन कॉलोनियों की सूचना मिली है। जिससे साफ है कि ग्लाडा अफसर अवैध कॉलोनी काटने वाले कॉलोनाइजरों के सामने बौने हो चुके हैं। शहर के आसपास की बात करें तो मार्च 2018 तक 1431 अवैध कॉलोनियां काटी गईं। जिसमें से करीब साढ़े पांच सौ कॉलोनियों को रेगुलर करवाने के लिए ग्लाडा के पास आवेदन हुए हैं।
ग्लाडा अफसराें का दावा है कि 31 जनवरी तक आवेदन न करने वाले कॉलोनाइजरों के खिलाफ उसके बाद ही कार्रवाई की जाएगी। शहर के राहों रोड, ताजपुर रोड, आलमगीर रोड, पखोवाल रोड, भट्टियां समेत अलग अलग इलाकों में अब भी अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। अफसरों ने अवैध कॉलोनियों का रेवेन्यू रिकार्ड जुटाना शुरू कर दिया और उन्हें अब नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है।
ग्लाडा कर चुका है अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई
मार्च 2018 के बाद बनी अवैध कॉलोनियों पर ग्लाडा कई बार कार्रवाई कर चुका है। लेकिन कॉलोनाइजर उसके बाद भी अवैध कॉलोनियां काट रहे हैं। पिछले दिनों में ग्लाडा अफसरों ने राहों रोड पर करीब दो दर्जन से अधिक अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई की थी। ग्लाडा ने तब कॉलोनियों में सड़कें, सीवरेज पाइप व बिजली के खंभे तोड़े थे। लेकिन कॉलोनाइजरों के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की।
31 मार्च 2018 से पहले की कॉलोनियों को रेगुलर करने के लिए 31 जनवरी तक का वक्त दिया गया है। इसके बावजूद अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। जैसे-जैसे सूचना मिल रही है वैसे-वैसे कार्रवाई हो रही है। कुछ शिकायतें मिली हैं अब उनके कॉलोनाइजरों को नोटिस दिए जा रहे हैं। उसके बाद कानूनी कार्रवाई शुरू की जाएगी।-सोनम चौधरी, एस्टेट अफसर, ग्लाडा।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें