बुड्ढा दरिया की दशा सुधारने को टास्क फोर्स ने बदला प्लान, अलग-अलग प्वाइंट से उठाया जाएगा कूड़ा
दरिया की सफाई में काफी दिक्कतें आ रही हैं, जिसके कारण टास्क फोर्स को अपनी प्लानिंग में भी बदलाव करना पड़ रहा है।
जेएनएन, लुधियाना। बुड्ढा दरिया की हालत को सुधारने के लिए सभी लोग अब आगे आने लगे हैं। दरिया की सफाई में काफी दिक्कतें आ रही हैं, जिसके कारण टास्क फोर्स को अपनी प्लानिंग में भी बदलाव करना पड़ रहा है। दरिया की सफाई करने के बावजूद गोबर गिराने से टास्क फोर्स को अपना प्लान फिर से बदलना पड़ा है। नए प्लान के तहत टास्क फोर्स ने अब शहरी क्षेत्रों में अलग-अलग प्वाइंट पर जमा कूड़ा साफ करने का फैसला लिया है। अगर इस दौरान भी कोई समस्या आई तो सेंट्रल जेल के पास दो किलोमीटर एरिया को साफ करके उसे मॉडल बनाया जाएगा और उसके बाद उसी मॉडल पर आगे दरिया की सफाई की जाएगी।
बुड्ढा दरिया के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सतगुरु ठाकुर उदय सिंह व अन्य।
संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने नगर निगम और उद्योगों को ठहराया जिम्मेदार
पर्यावरणविद् एवं संत बलबीर सिंह सीचेवाल ने दरिया को नाला बनाने के लिए नगर निगम और गंदगी गिराने वाली इंडस्ट्री को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने साफ कर दिया कि जब तक नगर निगम और इंडस्ट्री गंदगी गिराने से बाज नहीं आते हैं, तब तक दरिया की सफाई होना संभव नहीं है। दूसरी तरफ सतगुरु ठाकुर उदय सिंह के नेतृत्व में टास्क फोर्स बुड्ढा दरिया की सफाई में जुटी है। लेकिन प्रशासन के ढिलमुल रवैये के कारण रिजल्ट सामने नहीं आ रहे हैं। सतगुरु एक तरफ से दरिया की सफाई करवा रहे हैं, वहीं पीछे से गोबर दरिया में गिराया जा रहा है। यही नहीं, जमालपुर सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट से भी नगर निगम बिना ट्रीट किए सीवरेज का पानी दरिया में गिरा रहा है। सतगुरु ने भी साफ कर दिया कि दरिया की दशा सुधारनी है तो प्रशासनिक अफसरों को सख्त रवैया अपनाना होगा। संत बलबीर सिंह सींचेवाल दरिया के किनारे आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में पहुंचे थे।
30 जनवरी को एनजीटी को देंगे एक्शन प्लान की जानकारी
संत सीचेवाल एनजीटी द्वारा बुड्ढा दरिया की निगरानी के लिए बनाई कमेटी के सदस्य भी हैं। उन्होंने कहा कि बुड्ढा दरिया में सबसे ज्यादा गंदगी निगम की तरफ से गिराई जाती है। बिना ट्रीट किए सीवरेज का पानी दरिया में गिराया जा रहा है। वहीं इंडस्ट्री भी बिना ट्रीट किए केमिकलयुक्त पानी सीवरेज में गिरा रही है, जो बाद में दरिया में आ रहा है। सीचेवाल ने बताया कि निगम से अब एनजीटी ने दरिया की सफाई का एक्शन प्लान मांगा है। यह 30 जनवरी को एनजीटी को देना है। उन्होंने कहा कि देखते हैं कि निगम इसमें क्या प्लान देता है। उसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दरिया में कूड़ा गिराने से रोकना निगम की जिम्मेदारी
सेंट्रल जेल के पास हुए कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने दरिया की सफाई के सुझाव दिए। टास्क फोर्स के सदस्य जसवंत सिंह जफर ने कहा कि सतगुरु उदय सिंह एक तरफ से दरिया की सफाई में जुटे हैं। दोबारा उसमें सॉलिड वेस्ट न गिरे, निगम को इसकी व्यवस्था करनी होगी। वहीं मेयर बलकार सिंह संधू ने कहा कि टास्क फोर्स की तरफ से जो भी जिम्मेदारी निगम को सौंपी जा रही है, उस पर काम किया जा रहा है। सफाई के बाद दरिया में दोबारा कूड़ा न गिरे इसके लिए निगम पुख्ता इंतजाम करेगा। उन्होंने कहा कि शहरी एरिया में जहां दरिया के बीच में कूड़ा जमा है वहां पर निगम की तरफ से भी सफाई करवाई जा रही है।
शहर ने जैसे-जैसे तरक्की की जिस्म में घाव होते गए
बुड्ढा दरिया के लिए आयोजित कार्यक्रम के दौरान पेंटिंग बनाते हुए चित्रकार।
शहर छोटा था, तो मैं भी साफ सुथरा था। शहरवासियों का मेरे से लगाव था। शहर ने जैसे-जैसे तरक्की की, मेरे जिस्म में घाव होते गए। मैं शहर की तरक्की का विरोधी तो नहीं हूं, तरक्की होने पर मुझे भी अपार खुशी होती है। पर कुछ लोगों ने अपनी तरक्की के लिए मुझे साफ बुड्ढा दरिया से गंदा नाला बना दिया। मुझे अब भी नहीं संभाला तो मेरे साथ कई लोगों का जिस्म भी घावों से भर जाएगा और उनकी जिंदगी खत्म हो जाएगी। यह व्यथा बुड्ढा दरिया को बचाने के लिए करवाए कार्यक्रम 'आण मिलो दरियाओ में' उमड़ी भीड़ के सामने नाटक के जरिए बुड्ढा दरिया ने खुद रखी।
शहर के 50 हजार लोग हुए शामिल
सतगुरु ठाकुर उदय सिंह के नेतृत्व में रविवार को सेंट्रल जेल के पास दरिया को बचाने के लिए शहर के करीब 50 हजार लोग एकत्रित हुए। कार्यक्रम में 70 स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थी, 24 स्वयंसेवी संस्थाओं के सदस्य भी शामिल हुए। इस कार्यक्रम में शहरवासियों के साथ-साथ चर्चित लोग भी शामिल हुए। उन्होंने भी लोगों से अपील की है कि दरिया को बचाया जाए।
हरभजन मान गायकी के जरिए दरिया का दर्द करेंगे उजागर
कार्यक्रम में गायक हरभजन मान और बीर सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने युवाओं को इस मुहिम में आगे आने को कहा। हरभजन मान ने कहा कि दरिया के दर्द को अपने गीतों के जरिए उजागर करेंगे और लोगों को नदियों को गंदा नहीं करने व स्वच्छ रखने की अपील करेंगे।