Move to Jagran APP

अपना हक मांग रहे शिक्षकों पर बरसा रहे लाठियां, पंजाब में चरमराई कानून व्यवस्था : सुखबीर बादल

पंजाब में इस समय सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। अमन-कानून की व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है।

By Edited By: Published: Tue, 12 Feb 2019 08:06 AM (IST)Updated: Tue, 12 Feb 2019 10:41 AM (IST)
अपना हक मांग रहे शिक्षकों पर बरसा रहे लाठियां, पंजाब में चरमराई कानून व्यवस्था : सुखबीर बादल
अपना हक मांग रहे शिक्षकों पर बरसा रहे लाठियां, पंजाब में चरमराई कानून व्यवस्था : सुखबीर बादल

जेएनएन, जगराओं। पंजाब में इस समय सरकार नाम की कोई चीज नहीं है। अमन-कानून की व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। सरकार खजाना खाली होने का रोना अब तक रो रही है और वेतन के लिए सरकारी कर्मचारी धरने -प्रदर्शन कर रहे हैं। अपना हक मांग रहे अध्यापकों पर लाठीचार्ज करके बुरी तरह पीटा जा रहा है। यह सरकार की विफलता का पुख्ता सबूत है। शिरोमणि अकाली दल इसकी पुरजोर निंदा करता है। यह विचार शिरोमणि अकाली दल के प्रधान और पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने सिधवांबेट रोड पर स्थित एक पैलेस में वर्करों के साथ व्यक्त की।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर हमला करते हुए बादल ने कहा कि चुनाव से पहले गुटका साहिब की शपथ लेकर बाद में वे मुकर गए। जो वादे और दावे उन्होंने किए थे उनमें से एक भी पूरा नहीं किया गया। जो इनको वादे याद करवाने की कोशिश करता है उसे धमकाया जाता है। इस मौके पूर्व विधायक एसआर कलेर, पीएसी कमेटी सदस्य और पूर्व विधायक भाग सिंह मल्ला, शिरोमणि कमेटी सदस्य भाई गुरचरन सिंह ग्रेवाल, पूर्व चेयरमैन कंवलजीत सिंह मल्ला, हरसुरिंदर सिंह गिल, पूर्व ब्लॉक समिति सदस्य दीदार सिंह मलक, पार्षद अमनजीत सिंह खैहरा, सभी सर्कलों के जत्थेदार और पार्टी वर्कर बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

गुरु ग्रंथ साहिब का करते हैं सत्कार

सुखबीर बादल ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल पंथक पार्टी है। हम सभी श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का सत्कार करते हैं। इसलिए गुरु साहिब की बेअदबी का सवाल ही नहीं पैदा होता। जो आरोप लगाए जा रहे हैं वह बे-बुनियाद हैं। किसी भी धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी करने वालों का कोई धर्म नहीं होता, वह आतंकी होते हैं। हमारे लिए गुरु साहिब से बढ़ कर कोई नहीं है। इसलिए शिरोमणि अकाली दल का कोई भी वर्कर बेअदबी की घटना को अंजाम नहीं दे सकता। जिन लोगों ने बेअदबी की है उन्हें सख्त सजा मिलनी चाहिए।

अकाली दल से अलग होने वालों का वजूद नहीं

उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल देश की सबसे पुरानी और पंथक पार्टी है। पार्टी का इतिहास हमेशा जुल्म के खिलाफ लड़ाई लड़ना और जीत हासिल करना रहा है। इसी कारण शिरोमणि अकाली दल को कमजोर करने के लिए पार्टी विरोधी ताकतों ने साजिशें रची, लेकिन वे सफल नहीं हो सकीं। अब भी जो घट रहा है वह साजिश का ही नतीजा है। शिरोमणि अकाली दल छोड़ चुके नेताओं ने इससे पहले भी अपने कई दल बनाए, लेकिन लोगों ने उन्हें नकार दिया। अब भी जो लोग साजिश के तहत अकाली दल को नुकसान पहुंचाने के लिए चालें चल रहे हैं, वह भी पहले की तरह आने वाले समय में खुद ही समाप्त हो जाएंगे। लोग इन्हें कभी भी मुंह नहीं लगाएंगे।

बरगाड़ी मोर्चा चलाने वाले नेताओं पर लगाए अारोप

उन्होंने बरगाड़ी मोर्चा चलाने वाले नेताओं पर कई तरह के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह लोग कांग्रेस की बी टीम हैं। आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस इन लोगों को शिरोमणि अकाली दल की वोट बैंक को सेंध लगाने की मंशा से चुनावों में पिछले दरवाजे से उतारेगी, ताकि शिरोमणि अकाली दल को नुकसान हो सके, लेकिन पंजाब के लोग कांग्रेस की इस चाल को पूरी तरह से समझ चुके हैं। इसलिए कांग्रेस की बी टीम के नेताओं की जमानतें जब्त होंगी। शिरोमणि अकाली दल फिर से मजबूत होकर सामने आएगा। भाजपा से गठजोड़ संबंधी पूछे सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा से हमारा गठजोड़ मजबूत है और पहले की तरह बरकरार रहेगा। हमारे जो मतभेद थे वह दूर हो चुके हैं। हम पहले जैसे मिलकर लोक सभा चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें 


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.