सुखबीर बादल बोले; परेशान करने वाले कांग्रेसियों की बनाएं लिस्ट, सरकार बनते ही करेंगे कार्रवाई
लोकसभा चुनाव के चलते शिरोमणि अकाली दल के प्रधान एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने विधानसभा ईस्ट और साऊथ के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
जेएनएन, लुधियाना। लोकसभा चुनाव के चलते शिरोमणि अकाली दल के प्रधान एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने विधानसभा ईस्ट और साऊथ के नेताओं व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इसकी अगुवाई जिला शिअद प्रधान रणजीत सिंह ढिल्लों और जिला यूथ अकाली प्रधान गुरदीप सिंह गोशा कर रहे थे। बैठक के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं ने सुखबीर को खुद के दर्द सुनाए और जमीनी हकीकत के बार में अवगत करवाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता उनके साथ लगातार धक्केशाही कर रहे हैं और उन पर झूठे मामले भी दर्ज करवा रहे हैं। बैठक के दौरान सुखबीर ने कांग्रेसियों पर निशाना साधते कहा कि अगर किसी के साथ कांग्रेसी धक्का करते हैं तो शिअद उनके साथ हमेशा खड़ा है।
उन्होंने कहा कि धक्का करने वाले लोगों की लिस्ट तैयार कर लें, उनकी सरकार आते ही ऐसे लोगों के खिलाफ सख्ती से कार्रवाई करवाई जाएगी। इस मौके पर हीरा सिंह गाबड़िया, निर्मल सिंह एसएस, पार्षद जसपाल सिंह ग्यासपुरा, पार्षद प्रभजोत कौर, पार्षद सोनिया शर्मा आदि उपस्थित रहे। इससे पहले सुखबीर सिंह बादल विधानसभा सेंट्रल, नॉर्थ, वेस्ट और आत्मनगर के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की।
बैंस के हलके में फिर दहाड़े सुखबीर
पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल फिर विधायक बलविंदर सिंह बैस के हलके में पहुंचे। इस दौरान वह बैठक में बैंस के खिलाफ जमकर दहाड़े। उन्होंने बैठक में बैंस के खिलाफ निशाना साधते कहा कि उन्होंने अपने हलके में कोई विकास नहीं किया है और सिर्फ झूठी राजनीति की है। इस दौरान सुखबीर बादल वार्ड के नेता और कार्यकर्ता से मुलाकात की और उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी भी ली। इस दौरान उन्होंने कहा कि लोस चुनाव में शिअद एक बार फिर पंजाब में परचम लहराएगी।