सुखबीर का आरोप, कांग्रेस के हाथों में खेल रही बेअदबी मामले की जांच कर रही SIT
बेअदबी कांड मामले में आइजी परमराज सिंह उमरानंगल की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि SIT इस समय कांग्रेस के हाथों में खेल रही है।
जेएनएन, लुधियाना। बेअदबी कांड मामले में आइजी परमराज सिंह उमरानंगल की गिरफ्तारी को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि SIT इस समय कांग्रेस के हाथों में खेल रही है। SIT की कार्यशैली बिल्कुल भी सही नहीं चल रही, क्योंकि SIT की जांच पूरी होने से पहले ही विधानसभा में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह और उनके कैबिनेट मंत्री सभी की गिरफ्तारी को लेकर पर्दाफाश करने में जुटे हुए हैं।
सुखबीर ने कहा कि इससे साफ होता है कि जांच SIT नहीं, बल्कि कांग्रेस करने में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के मंत्रियों ने घर में बैठकर जस्टिस रंजीत सिंह रिपोर्ट तैयार की गई है। सुखबीर बादल आत्मनगर विधानसभा के नेताओं व कार्यकर्ताओं को मिलने के लिए पहुंचे थे।
पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कैबिनेट मंत्री नवजोत सिद्धू से जब भी विधानसभा में उनके पाकिस्तान से प्यार को लेकर बात की जाती है तो वह बुरी तरह से बौखला जाते हैं। इसके अलावा सुखबीर ने कहा कि कांग्रेस के नेता लोकसभा चुनाव में गांव और शहरों में जाने के लायक नहीं रहे, क्योंकि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान उन्होंने जनता से सिर्फ झूठे वादे किए, उन्हें पूरा नहीं किया।