विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

लुधियाना: बार-बार शादी का दबाव बना रहा था शख्स, परेशान होकर केमिकल टैंक में कूदकर युवती ने दी जान

Published: Fri, 12 Sep 2025 07:13 PM (IST)

लुधियाना के ढंडारी खुर्द में बीस वर्षीय काजल कुमारी ने एक फैक्ट्री में केमिकल टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। ...और पढ़ें

आत्महत्या करने के बाद 20 वर्षीय काजल की मां का रो-रोकर बुरा हाल (फोटो: जागरण)
आत्महत्या करने के बाद 20 वर्षीय काजल की मां का रो-रोकर बुरा हाल (फोटो: जागरण)

HighLights

  1. युवती ने फैक्ट्री के केमिकल टैंक में कूदकर की आत्महत्या
  2. परिवार का आरोप- युवक कर रहा था शादी का दबाव
  3. पुलिस कर रही है मामले की जांच

जागरण संवाददाता, लुधियाना। ढंडारी खुर्द जसवीर कालोनी में शुक्रवार को एक वर्षीय युवती ने फैक्ट्री परिसर में बने केमिकल टैंक में कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान काजल कुमारी (20) के रूप में हुई है। घटना का पता चलने के बाद फैक्ट्री में हड़कंप मच गया और लोगों ने काफी मशक्कत से युवती को बाहर निकाला। लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

जिसके बाद थाना फोकल प्वाइंट की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। उधर, परिवार ने आरोप लगाया कि एक युवक उनकी बेटी पर शादी के लिए दबाव बना रहा था। इसलिए उसने आत्महत्या की। फिलहाल पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है।

काजल के पिता संजय महतो ने बताया कि वो मूलरूप से बिहार के जिला सीतामढ़ी गांव गिद्दा फुलवरिया के रहने वाले हैं और पिछले 9 सालों से लुधियाना में रह रहे हैं। संजय खुद प्रेस मशीन चलाने का काम करता है। उसका एक बेटा है और एक बेटी थी। 12वीं तक की पढ़ाई पूरी करने के बाद काजल घर पर ही रहती थी।

शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे काजल घर से निकली और घर के सामने बने एक कमरे की छत पर चढ़ गई। यहां से उसने कैमिकल फैक्ट्री की दीवार को लांघा, लेकिन यहां उसका दुपट्टा तारों में फंस गया। लेकिन फिर भी को सीढ़ी की मदद से ब्वायलर तक पहुंच गई।

यहां से चढ़कर वो कैमिकल के टैंक तक चली गई और उक्त टैंक में कूद गई। ये सब कुछ आसपास के लोगों ने देख लिया और शोर मचा दिया। लोगों ने काजल के परिवार को इसकी सूचना दी और फिर सभी लोगों ने मिलकर टैंक में से काफी मुश्किल से काजल को बाहर निकाला। यहां उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतका के पिता संजय महतो ने आरोप लगाया कि इलाके का एक युवक काजल पर शादी का दबाव बना रहा था, जबकि उसकी पहले से शादी हो चुकी है। कई बार समझाने के बावजूद वह उसे मानसिक रूप से परेशान करता रहा। उनका आरोप है कि उक्त लड़के से परेशान होकर उनकी बेटी ने आत्महत्या करने का कदम उठाया है।

उन्होंने पुलिस से इस मामले में आरोपित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उधर, मृतका की मां का रो-रो कर बुरा हाल है। मां पवित्री देवी ने कहा कि उनकी बेटी सुबह खाना बनाते समय हंस हंस कर बात कर रही थी। उन्हें अंदाजा नहीं था कि उनकी बेटी ऐसा खौफनाक कदम उठाएगी।

जांच अधिकारी एएसआई थाना फोकल प्वाइंट बलबीर सिंह का कहना है कि अभी लड़की पक्ष हमारे पास बयान लिखवाने के लिए नहीं आया है। लड़के द्वारा दबाव बनाने का आरोप लड़की पक्ष द्वारा लगाया जा रहा है। लेकिन अभी तक कुछ क्लीयर नहीं हुआ है। लड़की ने आत्महत्या क्यों की? ये जांच के बाद क्लीयर होगा।