CoronaVirus: 11 में से 10 संदिग्ध केसों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव, एक का इंतजार
लुधियाना में अभी तक किसी संदिग्ध मरीज की कोरोना वायरस टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है। हालांकि सिविल अस्पताल में इस समय कुल संदिग्ध केस के छह लोग भर्ती हैं।
लुधियाना, जेएनएन। जिले में अभी तक कोरोना वायरस का एक भी पॉजीटिव मरीज सामने नहीं आया है। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार तक विदेश यात्रा की हिस्ट्री से संबंधित 11 मरीजों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे। इनमें से जांच में दस मरीजों की सैंपल रिपोर्ट निगेटिव आई हैं। यानी की इन मरीजों में कोरोना वायरस होने की पुष्टि नहीं हुई है। एक मरीज की सैंपल रिपोर्ट पेंडिंग है जो बुधवार को आएगी। वहीं, मंगलवार को तीन नए संदिग्ध केस आए। इनकी विदेश ट्रैवल हिस्ट्री थी। सिविल अस्पताल में इस समय कुल संदिग्ध केस के छह लोग भर्ती हैं। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने इसकी पुष्टि की है।
डीसी की करीबी युवती को भी करवाया भर्ती
सिविल अस्पताल में मंगलवार रात को कोरोना की संदिग्ध 21 वर्षीय युवती को भर्ती करवाया गया। वह लुधियाना के डीसी की करीबी है। वह दुबई घूमने गई थी और पिछले सप्ताह ही लौटी थी। 2-3 दिन से लगातार बीमार रहने के कारण उसे अभिभावकों ने सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसकी जांच की और सैंपल लिए। उसे सिविल अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। वहीं लुधियाना में डीसी के ऑर्डर के तहत 31 मार्च तक सभी मॉल बंद कर दिए गए हैं।
भगोड़े हवालाती को खांसी-बुखार, भर्ती
उधर, सिविल अस्पताल में दाखिल एक अन्य व्यक्ति हवालाती भगोड़ा है। पुलिस ने उसे पकड़कर 26 फरवरी को जेल भेजा था। मंगलवार को कैदियों की रूटीन चेकिंग में उसे लाया गया था। उसे खांसी-बुखार की शिकायत थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे आइसोलेशन वार्ड में दाखिल कर लिया। वह पिछले दिनों अमेरिका से आया था।
सिविल सर्जन बोले, डरे नहीं, सावधानी बरतें
लुधियाना। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने कहा कि ग्यारह में से दस सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आना राहत भरा है। लेकिन, हम तब भी पूरी सतर्कता बरत रहे हैं। प्रशासन व पुलिस की मदद से सिविल अस्पताल में लगातार ऐसे मरीजों को भर्ती किया जा रहा है, जिनकी विदेशों की ट्रैवल हिस्ट्री रही हो। जिन मरीजों की सैंपल रिपोर्ट नेगेटिव आ रही है, उन पर भी नजर बनाएं हुए हैं। निगेटिव रिपोर्ट वाले मरीजों को भी हम चौदह दिन तक फालोअप करेंगे। वीरवार से हम पल्स पोलियो अभियान की तर्ज पर स्क्रीनिंग करने जा रहे हैं। इसके तहत एएनएम, आशा वर्कर व आंगनवाड़ी वर्कर घर-घर जाकर ऐसे लोगों को ढूंढेंग़ी, जो विदेश से लौटे हों या जिन्हें खांसी, कफ, जुकाम, बुखार की शिकायत हो। यह अभियान 26 मार्च तक चलेगा। मंगलवार को इस अभियान को लेकर एएनएम, आशा वर्कर, आंगनवाड़ी वर्कर, मल्टीपर्पज हेल्थ वर्कर व सेहत विभाग के अन्य कर्मियों को ट्रेनिंग दी गई।
कोरोना वायरस से बचाव के लिए बरतें ये सावधानी
- नियमित रूप से अपने हाथों को साबुन या हैंड सैनिटाइजर से अच्छे से धोएं।
- खांसते या छींकते समय नाक और मुंह को टिशू या कोहनी से ढकें।
- जिन लोगों को खांसी, जुकाम, बुखार या सांस की बीमारी हो, उनसे दूरी बनाएं।
- खांसी या जुकाम है या किसी संक्रमित व्यक्ति की देखभाल कर रहे हैं तो मास्क पहने।
- मास्क पहनने से पहले साबुन से अच्छी तरह हाथ साफ करें, मास्क को उतारने के बाद इसे नष्ट कर दें।
- एक बार इस्तेमाल किया हुआ मास्क दोबारा न पहनें। कई लोग एक ही मास्क कई कई दिन तक पहनते हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें