जल गई थीं झुग्गियां, बरधाला चौकी पुलिस मदद के लिए आई आगे
गांव बरवाली खुर्द के खेतों में शनिवार रात काम करने वाले मजदूरों की चार झुग्गियां शॉर्ट सर्किट से आग लगने के कारण जल गई थीं।
जागरण संवाददाता, खन्ना
गांव बरवाली खुर्द के खेतों में शनिवार रात काम करने वाले मजदूरों की चार झुग्गियां शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने से जल गई थीं। इसमें मजदूरों का सामान व नकदी भी राख हो गई थी। इसके चलते मजदूरों का काफी नुकसान हुआ। इन्हें खाने के लाले पड़े गए हैं। अब इन मजदूरों की मदद के लिए खन्ना पुलिस की बरधाला चौकी ने मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। पुलिस ने चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह की अगुआई में एनआरआइ की मदद से मजदूरों को झुग्गियों को बनाने के सामान सहित अन्य जरूरत का सामान भी उपलब्ध कराया है।
इस बारे में चौकी इंचार्ज बलवीर सिंह ने बताया कि मजदूरों के पास पड़ा रोजमर्रा की का खाने-पीने का इकट्ठा किया गया सामान भी आग में जल गया था। इसके अतिरिक्त मजदूरों के बर्तन और कपड़े भी राख हो गए थे। ऐसे में उन्होंने मजदूरों को झुग्गियां बनाने का सामान सहित बर्तन, स्टोव, केरोसिन व महीने भर का राशन और कपड़े आदि दिए हैं। इस बारे में समाजसेवी कश्मीर चंद ने कहा कि वह मजदूरों की भविष्य में भी मदद करते रहेंगे।
80 हजार नकदी भी जलकर हुई राख
जानकारी के अनुसार मजदूरों ने किसानों के खेतों में मजदूरी कर करीब 80 हजार रुपये जोड़ लिए थे। इन रुपयों को उन्होंने बर्तनों में संभाल कर रखा हुआ था। मगर, आग ने ऐसा कहर ढाया कि मजदूरों के गाड़े पसीने से कमाई गई यह राशि भी जलकर राख हो गई थी। बर्तनों में रखे 500-500 के जले हुए नोट भी साफ दिखाई दे रहे थे।