लुधियाना के गुरु नानक पुरा में फैक्ट्री में जुआ खेल रहे छह आरोपित दबोचे, 27 हजार रुपये बरामद
आरोपितों की पहचान रिशी नगर निवासी मोहित कुमार नेता जी नगर निवासी जसमीत सिंह दोमोरिया पुल निवासी स्वर्ण सिंह नेता जी नगर निवासी कुलदीप सिंह हैबोवाल के दुर्गा पुरी निवासी विजय कुमार व कपिल पार्क निवासी तलविंदर सिंह के रूप में हुई है।
लुधियाना, जेएनएन। थाना सलेम टाबरी पुलिस ने गुरु नानक पुरा स्थित एक फैक्ट्री में जुआ खेल रहे छह लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से 27 हजार की नकदी भी बरामद की गई है। एएसआइ जिंदर लाल ने बताया कि आरोपितों की पहचान रिशी नगर निवासी मोहित कुमार, नेता जी नगर निवासी जसमीत सिंह, दोमोरिया पुल निवासी स्वर्ण सिंह, नेता जी नगर निवासी कुलदीप सिंह, हैबोवाल के दुर्गा पुरी निवासी विजय कुमार व कपिल पार्क निवासी तलविंदर सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस को वीरवार शाम सूचना मिली थी कि सभी आरोपित गुरु नानक पुरा में बर्फ के कारखाने वाली गली स्थित तलविंदर सिंह की फैक्ट्री में जुआ खेल रहे हैं। पुलिस ने रेड कर उन्हें गिरफ्तार किया।
मारपीट करने पर 11 लोगों पर केस
लुधियाना। मारपीट करने के दो मामलों में पुलिस ने चार महिलाओं समेत 11 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किए हैं। थाना डिवीजन नंबर 6 पुलिस ने मिलर गंज की कबीर बस्ती निवासी गोपाल की शिकायत पर उसी इलाके में रहने वाले सतपाल, ऊषा रानी, मनोज कुमार, रजनी, बाला रानी व सीमा के खिलाफ केस दर्ज किया है। गोपाल ने बताया कि उसने अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ प्रियंका से कोर्ट मैरिज की। वीरवार सुबह आठ बजे वो अपनी पत्नी के साथ विश्वकर्मा चौक गया था।
वहां उसका पिता सतपाल उसे अपने साथ कबीर बस्ती स्थित अपने घर ले गया। वहां पहले से मौजूद अन्य सभी आरोपितों ने उसके व उसकी पत्नी प्रियंका के साथ मारपीट की। एक अन्य मामले में थाना कूमकलां पुलिस ने गांव ढोलनवाल निवासी सुखदेव सिंह की शिकायत पर गांव मंड चौंता के पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। सुखदेव सिंह ने बताया कि बुधवार शाम 4.30 बजे वह अपना काम खत्म करके गांव ढोलनवाल गेट के पास पहुंचा। इस दौरान कार में आए आरोपितों ने रंजिश के चलते उस पर हमला कर दिया।