संदिग्ध हालात में घर में मिला पंजाबी सिंगर बलजीत सिंह का शव, कमरे में मिले खून के निशान
गायक और गीतकार बलजीत सिंह का शव जगराओं के सुधार कस्बे में उनके घर से संदिग्ध हालत में मिला, जो कई दिनों से लापता थे।

संदिग्ध हालात में घर से मिला गायक बलजीत सिंह का शव।
HighLights
गायक बलजीत सिंह का शव घर में संदिग्ध मिला
घर के अंदर कई जगह खून के निशान मिले
पुलिस हत्या सहित विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है
संवाद सहयोगी, जगराओं। कस्बा सुधार की पत्ती धालीवाल में गायक एवं गीतकार बलजीत सिंह का शव वीरवार सुबह उनके घर में संदिग्ध हालात में बेड पर पड़ा मिला। बलजीत सिंह पिछले चार-पांच दिनों से लापता थे और घर में अकेले रहते थे।
शव कई दिन पुराना होने के कारण सड़ने लगा था। घर के अंदर और कमरे में कई जगह खून के निशान मिले हैं, जिसके बाद पुलिस ने हत्या समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच शुरू कर दी है।
बताया गया कि बलजीत सिंह के परिजनों को पिछले कुछ दिनों से उनकी कोई जानकारी नहीं थी। वीरवार सुबह जब परिजन उनके घर पहुंचे तो अंदर बेड पर उनका शव पड़ा मिला। शव की हालत देखकर उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस के अनुसार, खून के निशान कमरे के अलावा घर के अन्य हिस्सों में भी मिले हैं और कई जगह खून सूख चुका था। ऐसे में पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। सूचना मिलते ही थाना सुधार के प्रभारी कुलविंदर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
घटनास्थल की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वाड और सीआईए की टीमों को भी बुलाया गया। टीमों ने घर और आसपास के इलाके से साक्ष्य जुटाए तथा परिजनों व रिश्तेदारों से पूछताछ की।
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बलजीत सिंह की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उनके घर में खून के निशान कैसे पहुंचे। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारण का पता चलेगा।
नशे के कारण प्रभावित हुआ था करियर
जानकारी के अनुसार, बलजीत सिंह पिछले समय से चिट्टे के नशे के आदी हो गए थे। इसके चलते उनका गायकी और लेखन का करियर भी प्रभावित हुआ था। उन पर पंजाब के गैंगस्टरों का महिमामंडन करने वाले गीत लिखने के आरोप भी लगते रहे थे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
