Sidhu Moose Wala के नए गीत में 'मुहम्मद' शब्द पर विवाद, शाही इमाम को फोन पर पिता ने समझाई पूरी बात
सिद्धू मूसेवाला नए गीत वार को लेकर विवाद थम गया है। हरि सिंह नलवा पर गाई गई वार में मुहम्मद शब्द का उल्लेख आने पर मुस्लिम समुदाय में रोष था। इसे लेकर शाही इमाम ने सिद्धू के पिता बलकौर सिंह से बात की है।
दिलबाग दानिश, लुधियाना। सिद्धू मूसेवाला के नए गाने के साथ विवाद जुड गया है, हरि सिंह नलवा पर गाई गई वार में 'मुहम्मद' शब्द का उल्लेख आने पर मुस्लिम समुदाय में रोष है। गीत में इस शब्द के कई तरह से मतलब निकाले जा रहे थे। इस पर विराम लगाते हुए शाही इमाम पजाब मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह के साथ फोन पर बात की।
इसकी आडियो भी शाही इमाम की तरफ से जारी की गई है। इसमें सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने सपष्ट किया है कि यह वार हरी सिंह नलूआ की मुहम्मद खान और उसके पांच बेटों के साथ हुई जंग के बारे में हैं। इसमें हजरत मुहम्मद साहिब की शान में कोई गलत नहीं बोला गया है।
शाही इमाम मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी ने वीडियो जारी कर कहा है कि हजरत मुहम्मद साहिब को पूरी दुनिया में अदब दी जाती है। मगर वार शब्द में मुहम्मद शब्द आने पर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं। उनके पिता द्वारा स्थिति सपष्ट करने और फिर भी माफी मांग लेने से इन चर्चाओं को विराम मिला है। उन्होंने निवेदन किया है कि वह सिद्दू मूसेवाला के परिजनों और कंपनी के अलावा अन्य लेागों से निवेदन करते हैं कि किसी भी तरह का गीत या फिल्म रिलीज करने से पहले सपष्टीकरण जरूर दिया करें।
एक दिन पहले ही रिलीज हुआ है सिद्धू का गाना
सिद्धू मूसेवाला का गीत एक दिन पहले मंगलवार को यू ट्यूब पर रिलीज किया गया है। उसके इस वार गाने को 18 लाख के करीब लोग देख चुके हैं। यह आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। सिद्धू मूसेवाला की मौत के बाद यह उसका दूसरा गीत है जो रिलीज किया गया है और इसे लोग बेहद प्यार दे रहे हैं। सिद्धू के जिंदा होने पर भी उसके गीतों को लेकर विवाद होते रहे हैं और मौत के बाद भी वह विवाद हो गया है।
जमरूद किले की जंग का है वार में जिक्र
शुभदीप सिंह उर्फ सिद्धू मूसेवाला के पिता बलकौर सिंह ने शाही इमाम को सपष्ट किया है कि वार में अमीर दोस्त मुहम्मद खान से हरि सिंह नलवा की जमरूद में हुई लड़ाई का जिक्र है। इस लिए मुहम्मद खान का नाम लिया गया है। वह कभी सोच भी नहीं सकते हैं कि हजरत मुहम्मद साहिब के बारे में कुछ गलत सोच भी सकें।
इसी वर्ष हुई थी मूसेवाला की हत्या
शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला की हत्या इसी साल मई माह में कर दी गई थी। उसकी हत्या के बाद से पूरे पंजाब में गैंगस्टरों के वर्चस्व के कारण सवाल उठने लगे थे। सिद्धू मूसेवाला पंजाबी गायकी में चर्म पर था ही बल्कि कांग्रेस की तरफ से विधान सभा चुनाव भी लड़ा था। तभी से पंजाब की राजनीति और गायकी में हमेशा चर्चा में रहा है।