एक साल से सीवरेज जाम का दंश झेल रहे, निगम में सुनवाई नहीं
वार्ड 28 ढंडारी खुर्द दुर्गा कॉलोनी में सीवरेज जाम की समस्या से लोग करीब एक साल से जूझ रहे हैं।
जासं, लुधियाना : वार्ड 28 ढंडारी खुर्द दुर्गा कॉलोनी में सीवरेज जाम की समस्या से लोग करीब एक साल से जूझ रहे हैं। इलाके में सफाई न होने की वजह से कूड़े के अंबार लगे हैं। परेशान लोग कई बार पार्षद व नगर निगम को शिकायत कर चुके हैं लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो रहा है। सीवरेज जाम व सफाई न होने की वजह से इलाके में लोग बीमार होने लगे हैं। गलियों में गंदा पानी जमा होने से लोग बाहर भी नहीं निकल पा रहे। गुस्साए लोगों ने रविवार को दुर्गा कॉलोनी में ही नगर निगम के खिलाफ प्रदर्शन किया।
दुर्गा कॉलोनी में सीवरेज जाम की समस्या को लेकर इलाके के लोग ढंडारी आरओबी पर चक्का जाम तक कर चुके हैं। फिर भी उनकी समस्या का हल नहीं निकला। इलाके के लोगों का कहना है कि अगर निगम सीवरेज की समस्या हल नहीं करवाई तो इलाके में महामारी फैल सकती है। इलाका निवासी भरत सिंह, अनुज कुमार, रामज्ञान, राज पांडेय, दीपक पांडेय, पम्मी पांडेय, पवन, दलजीत मल्ली, रमेश व अन्य ने बताया कि इलाके में सीवरेज समस्या करीब एक साल से है, लेकिन पिछले कुछ दिनों से यह समस्या बेहद गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि इसकी शिकायत पार्षद से लेकर निगम अफसरों को भी दे चुके हैं। यही नहीं इलाके के लोग ढंडारी आरओबी पर चक्का जाम भी कर चुके हैं, लेकिन उनकी समस्या का समाधान नहीं निकला। इलाके में गंदगी के भी अंबार लगे हुए हैं। बेहड़ों में रहते लोगों की वजह से समस्या: पार्षद गरचा
पार्षद परमजीत सिंह गरचा का कहना है कि इलाके में यह समस्या बेहड़ों की वजह से हो रही है। हर बेहड़े में दो सौ से ढाई सौ कमरे बने हुए हैं जिसमें एक-एक हजार लोग रह रहे हैं। इस वजह से सीवरेज जाम की समस्या हो रही है। लोग खुद भी अवेयर नहीं है। उन्होंने बताया कि निगम अफसरों को कहा गया है कि अवैध तरीके से बनाए गए बेहड़ों पर सख्ती की जाए। उन्होंने बताया कि सीवरेज की सफाई लगातार चल रही है।