हजरत पीर बाबा चांद शाह जामा मस्जिद के पास सीवरेज जाम से रोष, पार्षद और निगम के खिलाफ प्रदर्शन
जामा मस्जिद के मुख्य सेवादार सोफी अब्दुल गफ्फार पीर मौलाना ने बताया कि उन्होंने कई बार समस्या को लेकर वार्ड नं-21 की पार्षद किट्टी उप्पल के पति दीपक उप्पल से शिकायत की है। नगर निगम जोन-जमालपुर के दफ्तर में भी गुहार लगाई पर कोई सुनवाई नहीँ हुई।
लुधियाना, जेएनएन। फोकल प्वाइंट फेस-4 स्थित हजरत पीर बाबा चांद शाह जामा मस्जिद के पास लंबे समय से सीवरेज जाम, गटर का टूटा ढक्कन, खस्ता हाल सड़क से लोग परेशान हैं। यहां सीवरेज का गंदा और बदबूदार पानी जामा मस्जिद के अंदर घुस रहा है। इस कारण मुस्लिम समुदाय के लोगो को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके विरोध में शनिवार को जामा मस्जिद के मुख्य सेवादार सोफी अब्दुल गफ्फार ने सैकड़ों मुस्लिम समुदाय के सदस्यों के साथ पार्षद और निगम के खिलाफ रोष प्रदर्शन किया।
उन्होंने मेयर बलकार सिंह संधू और निगम प्रशासन से समस्या का शीघ्र समाधान करवाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर समस्या जल्द हल न की गई तो मुस्लिम समुदाय मेयर, कैंप और निगम के मुख्यालय के आगे रोष प्रदर्शन करेगा।
लुधियाना में मस्जिद के पास खुले पड़े मैनहोल दिखाते हुए मुस्लिम समुदाय के सदस्य।
जामा मस्जिद के मुख्य सेवादार सोफी अब्दुल गफ्फार पीर मौलाना ने बताया कि उन्होंने कई बार समस्या को लेकर वार्ड नं-21 की पार्षद किट्टी उप्पल के पति दीपक उप्पल से शिकायत की है। नगर निगम जोन-जमालपुर के दफ्तर में भी गुहार लगाई पर कोई सुनवाई नहीँ हुई। उन्होंने कहा कि जामा मस्जिद के अंदर सीवरेज का गंदा पानी घुस जाने के कारण जुम्मे वाले दिन नमाज अदा करने व वीरवार वाले दिन सभी श्रद्धालुओं को नमाज पढ़ने में काफी दिक्कत पेश आ रही हैं। समस्या को लेकर पार्षद और निगम प्रशासन कुंभकरणी नींद में है।
इस मौके पर अनवर खांन, जमील अहमद, मोहम्मद आलम, नौशाद अली, मोहम्मद हुसैन, गुलाम मुस्तफा, अब्दुल हकीम, मोहम्मद इसरामूल हक आदि उपस्थित रहे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें