Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पंजाब में मौसम ने लोगों को किया कंफ्यूज, दिन में भीषण गर्मी बनी परेशानी; शाम को आंधी के साथ बारिश ने बढ़ाई मुसीबत

    Updated: Sun, 01 Jun 2025 08:20 AM (IST)

    शनिवार को पंजाब के कई जिलों में भीषण गर्मी के बाद शाम को मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई जिससे तापमान में गिरावट आई। बठिंडा में अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 3 जून तक तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई है जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

    Hero Image
    पंजाब में 3 जून तक आंधी के साथ बारिश की संभावना है। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, लुधियाना। शनिवार को कई जिलों में जहां दिन में भीषण गर्मी रही, वहीं शाम होते ही तेज हवाओं के बीच हुई जोरदार वर्षा ने मौसम पूरी तरह से बदल दिया।

    दिन में बठिंडा पंजाब में सबसे गर्म रहा। जहां अधिकतम तापमान 44.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संगरूर में 41.2 डिग्री सेल्सियस, लुधियाना में 41.9 डिग्री सेल्सियस, बठिंडा में 41.0 डिग्री सेल्सियस, फरीदकोट में 41.5 डिग्री सेल्सियस, चंडीगढ़ व पटियाला में 40.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    वहीं, अन्य सभी जिलों में दिन का तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, लेकिन शाम पांच बजे के बाद कई जिलों में मौसम बदल गया और चंडीगढ़, लुधियाना, रोपड़, पटियाला, पठानकोट, होशियारपुर सहित अन्य जिलों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से पहले तेज हवाएं चली और फिर जमकर वर्षा हुई।

    शाम साढ़े छह बजे तक वर्षा रूक-रूक कर जारी रही। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार पटियाला में सबसे अधिक 30 मिलीमीटर, होशियारपुर में 2.5 मिलीमीटर, लुधियाना में 3.7 मिलीमीटर, पठानकोट में 1.8 मिलीमीटर, चंडीगढ़ में 3.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई।

    वहीं, जालंधर, मानसा, बरनाला,नवांशहर, फतेहगढ़ साहहिब, गुरदासपुर में भी तेज हवाओं के बीच वर्षा हुई। वर्षा के बाद माैसम के गर्म तेवर नरम पड़ गए। गर्मी से राहत मिल गई। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार तीन जून तक पंजाब मतें 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। इस दौरान कई जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।