नौकरों ने विधायक राकेश के साढ़ू के घर से उड़ाए जेवर व नकदी, दो सप्ताह पहले बिना वेरिफिकेशन रखे थे
उद्यमी अश्विनी कुमार ने दोनों आरोपित नौकरों को कुछ दिन पहले ही काम पर रखा था। 21 जुलाई को घर पर कोई न होने पर दोनों चोरी करके फरार हो गए।
लुधियाना, जेएनएन। दो सप्ताह पहले बिना पुलिस वेरिफिकेशन के रखे नेपाली नौकरों ने विधायक राकेश पांडेय के साढ़ू के घर से लाखों रुपये के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय उद्यमी अपने काम पर था। उसकी पत्नी किसी रिश्तेदार के घर गई हुई थी। घर लौटने पर उसे चोरी के बारे में पता चला। सूचना मिलने पर पहुंची थाना सदर पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया। मगर केस दर्ज करने में एक सप्ताह लगा दिया।
एएसआई हरमेश सिंह ने बताया कि आरोपित नेपाली नौकर अभी और जीत सिंह बहादर हैं। यह केस गांव दाद स्थित टैक्सला कॉलोनी निवासी अश्विनी कुमार शर्मा की शिकायत पर दर्ज किया गया। उन्होंने बयान दिया कि वह इंडस्ट्रियल एरिया बी में साइकिल पार्ट्स की फैक्ट्री चलाते हैं। 21 जुलाई की सुबह वह अपने बेटे के साथ फैक्ट्री चले गए थे। उसके कुछ समय बाद उनकी पत्नी रिश्तेदार के यहां चली गई। उस दौरान दोनों नौकर घर में अकेले थे। शाम को वह और उनका बेटा घर लौटे तो मेन गेट खुला हुआ था। घर के अंदर पड़ा सारा सामान बिखरा पड़ा था। चेक करने पर पता चला कि दोनों नौकर अलमारी में रखे सोने के जेवर, चांदी के बर्तन और करीब 15 हजार रुपये की नकदी चोरी करके ले गए हैं।
एएसआई हरमेश सिंह ने बताया कि उद्यमी अश्विनी कुमार विधायक राकेश पांडेय के साढ़ू हैं। उन्हें घरेेलू काम के लिए नौकर की जरूरत थी। अश्विनी का एक बेटा घर में बुटीक चलाता है। उसके पास काम करने वाली महिला के पति ने 9 जुलाई को गांव सुनेत से नेपाली नौकर अभी को लाकर उनके घर काम पर लगा दिया। अभी के कहने पर अश्विनी शर्मा ने 13 जुलाई को जीत बहादर को भी काम पर रख लिया। मगर दोनों की पुलिस वेरिफिकेशन नहीं कराई। दोनों की फोटो सभी पुलिस थानों में भेज दी गई हैं। जल्दी ही उन्हें काबू कर लिया जाएगा।