Coronavirus से एक और मौत, शिमलापुरी की रहने वाली थी 68 वर्षीय महिला
शिमलापुरी की 68 वर्षीया महिला को दो दिन पहले मोहाली से लेकर फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। वह मोहाली में अपनी भतीजी को मिलने के लिए गई हुई थी।
लुधियाना, जेएनएन। शहर में रविवार को दो मरीजों की मौत हो गई। इनमें एक कोरोना पॉजिटिव शिमलापुरी की 68 वर्षीय महिला और एक कोरोना संदिग्ध गोबिंद नगर के 30 वर्षीय युवक है। हालांकि अभी उसकी रिपोर्ट आना बाकी है। शहर में कोरोना से अब तक की गई पुष्टि में यह दूसरी मौत है। इससे पहले भी अमरपुरा की रहने वाली 42 वर्षीया महिला की पटियाला में मौत हो गई थी। दोनों के शवों को अस्पताल में ही रखा गया है जबकि महिला के परिजन पहले से ही क्वारंटाइन हैं और युवक के परिजनों पर भी सेहत विभाग ने नजर बना रखी है।
शिमलापुरी की 68 वर्षीया महिला को दो दिन पहले मोहाली से लेकर फोर्टिस अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। वह मोहाली में अपनी भतीजी को मिलने के लिए गई हुई थी। वहां पर ही उसे उल्टी और दस्त लगे थे। सेहत ज्यादा खराब होने पर उसे मोहाली से लुधियाना एंबुलेंस में फोर्टिस अस्पताल भर्ती करवाया गया था। दोपहर को उसे दिल का दौरा पड़ा और उसकी मौत हो गई। उसकी कोरोना से संबंधित रिपोर्ट पहले ही पॉजिटिव आई थी। वह मोहाली जाने से पहले अपने शिमलापुरी रहते बेटे और बहू के पास ही रहती थी। विभाग ने उनके भी सैंपल लिए थे, जो निगेटिव आए थे। मगर फिर भी उन्हें 14 दिन के लिए घर पर क्वारंटाइन किया हुआ है।
गोबिंद नगर के युवक को वर्धमान अस्पताल में करवाया था भर्ती
गोबिंद नगर के 30 वर्षीय युवक को शनिवार को वर्धमान अस्पताल में दाखिल करवाया गया था। उसे दो दिन पहले बुखार और जुकाम की शिकायत होने पर पर अस्पताल लाया गया था। उसके सैंपल जांच के लिए भेजे हुए थे। उसकी रिपोर्ट अभी नहीं आई है और उससे पहले ही उसने भी दम तोड़ दिया। इस युवक के दो भाई हैं जो अलग रहते हैं। पत्नी और दोनों बच्चे उसके साथ रहते थे। सेहत विभाग उसकी रिपोर्ट का इंतजार कर रहा है और उसके बाद स्वजनों की भी जांच होगी।
राजगढ़ का पॉजिटिव मिला युवक गांव में बांटता था दूध, लोगों में हड़कंप
दोराहा के गांव राजगढ़ का निवासी पॉजिटिव पाया गया युवक गांव में दूध डालने का काम करता है। उसके पॉजिटिव पाए जाने के बाद गांव में हड़कंप मचा हुआ है। सेहत विभाग की टीमों ने रविवार को यहां पर उसके संपर्क में आए लोगों की लिस्ट बनाई है और उनका चेकअप किया गया है। यही नहीं उसके परिवार के आठ सदस्यों के सैंपल भी लिए गए हैं। फिलहाल इसकी रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
मदनी मस्जिद में क्वारंटाइन किए मुस्लिमों का करवाया चेकअप
शहर के अलग-अलग मस्जिदों से लाकर मदनी मस्जिद में क्वारंटाइन किए गए 35 मुस्लिमों को भी आज सिविल अस्पताल में लाकर उनका चेकअप किया गया है। जिन्हें मामूली बुखार या खांसी थी, उनका चेकअप भी किया गया है जबकि रविवार को यहां पर किसी भी नए व्यक्ति को नहीं लाया गया है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें